Publish Date: Tue, 14 Feb 2017 (09:13 IST)
Updated Date: Tue, 14 Feb 2017 (10:08 IST)
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्राण्ड नेता एवं गोरखपुर के सांसद महंत आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जनता को सुरक्षा दी जाएगी और गुंडों को उनके असली घर जेल में पहुंचाएंगे।
आदित्यनाथ दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। समाजवादी पार्टी (सपा) पर आक्रामक योगी ने कहा कि पांच साल में सपा ने केवल कब्रिस्तानों की बाउण्ड्रियां बनाई हैं, जबकि शमशान घाटों पर कोई काम नहीं किया गया। सपा सरकार ने पांच साल में किसानों को आत्महत्या करने पर विवश कर दिया।
उन्होंने सवाल किया कि अगर सपा ने विकास का काम किया है तो अकेले चुनाव मैदान में क्यों नहीं है। समाजवादी पार्टी हारने का ठीकरा राहुल गांधी पर फोड़ेगी इसीलिए उसने कांग्रेस से हाथ मिलाया है। चौदह वर्षों में उत्तर प्रदेश की जनता को कभी सपा कभी बसपा ने लूटा है।
सपा सरकार में कोई भी विभाग ऐसा नहीं है जिसमें सही तरीके से भर्ती की गई हो। योगी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सभी गड़बड़ियों की जांच की जाएगी और नौ लाख बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।(वार्ता)