Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

राहुल-अखिलेश और शाह ने संगम नगरी में दिखाई ताकत

Advertiesment
हमें फॉलो करें Rahul Gandhi
, मंगलवार, 21 फ़रवरी 2017 (22:08 IST)
इलाहाबाद। देश को राजनीति का ककहरा सिखाने वाले दिग्गजों की कर्मभूमि इलाहाबाद सारा दिन सियासी अखाडा बनी रही। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रोड शो कर कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशियों को जीत दिलाने की अपील की वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने अपने कनिष्ठ प्रदेश अध्यक्ष केशवप्रसाद मौर्य के संग रोड शो कर ताकत का इजहार किया।
उत्तरप्रदेश राज्य विधानसभा के चौथे चरण के लिए आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। यहां मतदान 23 फरवरी को होगा। तेज धूप के बीच श्री गांधी और श्री यादव का काफिला इलाहाबाद की तीन विधानसभा क्षेत्रों में घूमा हालांकि प्रचार का समय समाप्त होने का हवाला देते हुये जिला प्रशासन ने बीच रास्ते में काफिले को रोक दिया जिस कारण रोड शो गन्तव्य तक नहीं पहुंच सका।
webdunia
शाह और मौर्य ने इलाहाबाद की तीन विधानसभा क्षेत्र पश्चिमी, शहर दक्षिणी और उत्तरी के  प्रत्याशियों के साथ लंबे काफिले के साथ रोड शो किया। रोड शो में छतों पर खडी महिलाओं ने पुष्पवर्षा की। चुनाव प्रचार का समय समाप्त होने के कारण इनका भी काफिला प्रशासन ने बीच में ही रोक दिया।
 
रोड शो के कारण शहर के लगभग हर कोने में जाम के हालात थे। जिला प्रशासन ने रोड शो के मद्देनजर  तमाम इंतजाम किए थे मगर रोड शो में शामिल दो पहिया और चार पहिया वाहनों के कारण जाम लग गया। रोड शो के गुजरने के बाद भी शाम तक मुख्य सड़कों से लेकर गली कूचों तक जाम के हालात बने रहे।
 
भाजपा का रोड शो शहर उत्तरी के अल्लापुर होते बैरहना, मुठ्ठीगंज, होते हुए लोकनाथ तक पहुंचना था। काफिले में दो पहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार थी। समर्थक नाच रहे थे। इनके साथ युवतियों की अच्छी खासी भीड़ थी। प्रशासन ने रोड शो चौक इलाके में रोक दिया।
 
उधर गांधी और यादव ने शहर उत्तरी के बालसन चौराहे से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो की शुरूआत की। रोड शो एजी आफिस गर्वनमेंट प्रेस, पुलिस मुख्यालय से होता हुआ शहर दक्षिणी के नवाब यूसुफ रोड से निकलकर पश्चिमी सीमा पर जैसे ही पहुंचा। जिला प्रशासन ने प्रचार का समय समाप्त होने के कारण काफिले को रोक दिया।
 
रोड शो के दौरान राहुल गांधी जींस और अखिलेश यादव कुर्ता पायजामा और लाल टोपी में थे। खुली गाडी में खड़े होकर वे लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। उनके साथ बदायूं के सांसद धर्मेन्द्र यादव भी थे। इनके काफिले को शहर दक्षिणी के गोल पार्क तक पहुंचना था पर समय समाप्त होने पर इनका काफिला गन्तव्य स्थान तक नहीं पहुंच सका। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बीएमसी में 52.17 प्रतिशत मतदान