Publish Date: Sat, 25 Feb 2017 (17:07 IST)
Updated Date: Sat, 25 Feb 2017 (17:13 IST)
अंबेडकर नगर (उप्र)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि सपा और बसपा ने 15 साल में उत्तरप्रदेश को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण को समाप्त कर दिया जाएगा।
शाह ने यहां एक चुनावी रैली में मतदाताओं से कहा कि आपने सपा और बसपा को मौका दिया। कांग्रेस को मौका दिया। अब एक मौका मोदीजी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) को दे दीजिए। उत्तरप्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण समाप्त कर देंगे। भाजपा सरकार बनने पर राज्य के कत्लखाने बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वे प्रदेश में खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं।
शाह ने कहा कि उत्तरप्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात 12 बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिए जाएंगे। अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहाई गईं। हम भी चाहते हैं कि उत्तरप्रदेश में नदियां बहें लेकिन खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के 2017 के उत्तरप्रदेश चुनाव घोषणापत्र में भी कहा गया कि सपा शासनकाल में उत्तरप्रदेश में पशुधन की संख्या में गिरावट आई है। इसमें उल्लेख है कि सभी अवैध कत्लखानों को पूरी कठोरता से बंद किया जाएगा और सभी यांत्रिक कत्लखानों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
शाह ने दावा किया कि उत्तरप्रदेश में चारों ओर भाजपा की आंधी दिखाई दे रही है। आने वाले चुनाव की समाप्ति के बाद दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पिछले 15 सालों से सपा और बसपा के शासन ने प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है। न तो गांवों में 24 घंटे बिजली आती है, न महिलाएं सुरक्षित हैं, न युवाओं को रोजगार है और न ही व्यापारी सलामत हैं।
शाह ने कहा कि दवाइयां सस्ती नहीं हैं, किसानों के धान की खरीद नहीं हुई, गन्ना किसानों को उनका बकाया धन नहीं मिला लेकिन अखिलेश कहते हैं कि काम बोलता है। साथ ही अखिलेश पर तंज कसा कि पूरे उत्तरप्रदेश को उन्होंने (अखिलेश) हत्या के मामले में नंबर वन बना दिया। बलात्कार में नंबर वन बनाया, चोरी, लूट, डकैती, फिरौती और अपहरण के मामले में... सब मामलों में उत्तरप्रदेश को नंबर वन बनाने का काम सपा की सरकार ने किया है। उनको (अखिलेश) लगता है कि यही काम है इसलिए कहते हैं- 'काम बोलता है।'
सपा-कांग्रेस गठजोड़ पर हमलावर होते हुए शाह ने कहा कि अब दूसरा (राहुल) भी आ मिला है। दो शहजादे मिले हैं। कैसे हैं दोनों शहजादे...? एक से उसकी मां परेशान है तो दूसरे से बाप और दोनों से उत्तरप्रदेश परेशान है। ये लोग प्रदेश का भला नहीं चाहते।
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल से हिसाब मांगते हुए कहा कि राहुल के परनाना पं. जवाहरलाल नेहरू, राहुल की दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और उसके बाद मां सोनिया गांधी के जरिए 10 वर्ष तक मनमोहन सिंह सरकार ने देश पर कुल 60 साल तक शासन किया। आपके परिवार ने 60 साल तक देश पर शासन किया। 60 साल तक आपके परिवार ने क्या किया? आप (राहुल) दीजिए इसका हिसाब। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sat, 25 Feb 2017 (17:07 IST)
Updated Date: Sat, 25 Feb 2017 (17:13 IST)