Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

अखिलेश का दावा, यूपी में भाजपा को मिलेंगी 20 फीसदी सीटें

हमें फॉलो करें अखिलेश का दावा, यूपी में भाजपा को मिलेंगी 20 फीसदी सीटें
, शुक्रवार, 14 जनवरी 2022 (15:41 IST)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 80 बनाम 20 से उनका मतलब है कि भाजपा को उत्तर प्रदेश चुनाव में 20 फीसदी सीटे मिलेंगी जबकि बाकी 80 प्रतिशत सपा को मिलेगी। आज की भीड़ देखकर लगता है कि अब उनको वह भी मिलना मुश्किल होगा।
 
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य तथा अन्य भाजपा विधायकों के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौर्य के आने से पार्टी को मजबूती मिली है।
 
उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले हमने कहा था कि मुख्यमंत्री जी को गणित का अध्यापक रखना होगा। यह जो अस्सी और बीस की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के साथ अस्सी फीसदी लोग खड़े ही हो गए। जिन जिन लोगों ने आज मंच को देखा होगा, स्वामी प्रसाद मौर्य की बात सुनी होगी, उससे लगता है कि वह 20 फीसदी भी उनके खिलाफ हो गए होंगे।'
 
सपा नेता ने कहा कि अब भाजपा का सफाया होना तय है। अब कोई सफाया होने से रोक नहीं सकता और जो लोग तीन चौथाई की बात कर रहे थे, वह दरअसल तीन से चार फीसदी की बात कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा से बगावत कर इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुछ पूर्व मंत्रियों के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा, सपा के पाले में जाने वाले अन्य मंत्री धर्म सिंह सैनी भी शामिल थे। भाजपा सरकार से इस्तीफा देने वाले एक और मंत्री दारा सिंह चौहान आज सपा के कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए।
 
शुक्रवार को सपा में शामिल होने वाले पांच भाजपा विधायक हैं- भगवती सागर (कानपुर में बिल्हौर), रोशनलाल वर्मा (शाहजहांपुर में तिलहर), विनय शाक्य (औरैया में बिधूना), बृजेश प्रजापति (बांदा में तिंदवारी) और मुकेश वर्मा (फिरोजाबाद में शिकोहाबाद)। सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ से अपना दल (सोनेलाल) विधायक अमर सिंह चौधरी भी सपा में शामिल हो गए।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य, भाजपा पर साधा निशाना