Publish Date: Sun, 23 Jan 2022 (12:06 IST)
Updated Date: Sun, 23 Jan 2022 (12:11 IST)
लखनऊ। बसपा अध्यक्ष मायावती ने रविवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश में वोट कटवा पार्टी है। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि मुख्यमंत्री की उम्मीदवार ने कुछ ही घंटों में अपना इरादा बदल लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी द्वारा उनपर चुनाव में निष्क्रिय रहने का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद निशाना साधा।
मायावती ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हालत इतनी ज्यादा खस्ताहाल है कि पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार ने कुछ घंटों के भीतर ही अपना स्टैंड बदल डाला है। ऐसे में बेहतर होगा कि लोग कांग्रेस को वोट देकर अपना वोट बर्बाद ना करें, बल्कि एकतरफा तौर पर बसपा को ही वोट दें।'
मायावती ने एक अन्य ट्वीट में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जैसी पार्टियां लोगों की नजर में वोट काटने वाली पार्टियां हैं। ऐसे में भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर करके यहां सर्व समाज के हित में और उनके जाने-परखे नेतृत्व वाली सरकार की जरूरत है, जिसमें बसपा का स्थान वास्तव में नंबर-एक पर है।
प्रियंका गांधी ने शनिवार को एक साक्षात्कार में बसपा प्रमुख के चुनाव प्रचार में निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया था।