Publish Date: Tue, 05 Jul 2022 (09:54 IST)
Updated Date: Tue, 05 Jul 2022 (10:01 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहने वाले पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने अधिकार सेना की तरफ से राष्ट्रपति को एक पत्र लिखते हुए भगत सिंह, आजाद और बिस्मिल को भारत रत्न, अन्य क्रान्तिकारियों को पद्म विभूषण व अन्य पद्म पुरस्कारों देने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले अदम्य साहसी क्रांतिकारियों को देश के सर्वोच्च पुरूस्कार भारत सरकार को देना चाहिए। उन्होंने इसी दौरान एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि भारत सरकार ने भारत रत्न व पद्म विभूषण पुरस्कार तमाम लोगों को दिए है। इनमें राजनीतिक कारणों से दिए जाने के भी आरोप लगते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई लोगों को मरणोपरांत व बाहरी लोगों को भी पुरस्कार मिले हैं। लेकिन देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले किसी भी व्यक्ति को पुरस्कार नहीं दिए गए हैं। अधिकार सेना मांग करती है कि सरदार भगत सिंह,चंद्रशेखर आजाद और राम प्रसाद बिस्मिल को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए और राजगुरु, सुखदेव सहित अन्य लोगों को पद्म विभूषण पुरस्कार दिया जाए।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि अधिकार सेना की इस मांग को लेकर राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री तक से उनके द्वारा पत्राचार किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इतिहासकारों की एक समिति बनाकर जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी है उन्हें भी सम्मानित किया जाने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश काडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को समय से पहले ही सरकार ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी थी। इसके बाद उन्होंने अधिकार सेना का गठन किया।