Publish Date: Sun, 22 Aug 2021 (21:02 IST)
Updated Date: Sun, 22 Aug 2021 (21:06 IST)
वाराणसी। शहर के सूजाबाद स्थित पोलाव शहीद बाबा मजार के पास गुब्बारे में हवा भरने वाली गैस के सिलेंडर में हुए विस्फोट में रविवार को 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में हवा भरने वाले कोनिया निवासी लल्ला सेठ (45) और सब्जी लेने निकली पड़ाव की महिला गीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में वहां से निकल रहे बबलू और 5 साल की मासूम आलिया घायल हो गए। आलिया पिता आसिफ के साथ खरीदारी करने निकली थी। घायलों को पुलिस ने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
यह घटना शाम 5 बजे के लगभग की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लल्ला सेठ अपनी ट्रॉली पर रखे सिलेंडर से गुब्बारों में हवा भर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर में धमाका हो गया है। धमाका इतना तेज था कि आधा किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। (फाइल फोटो)