Publish Date: Wed, 08 Jul 2020 (09:59 IST)
Updated Date: Wed, 08 Jul 2020 (10:03 IST)
कानपुर (उत्तरप्रदेश)। बिकरू कांड के मास्टरमाइंड विकास दुबे और उसके गिरोह के खिलाफ जारी अभियान के तहत बुधवार को चौबेपुर इलाके में दुबे के एक साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
चौबेपुर के थानाध्यक्ष केएम राय ने बताया कि विकास दुबे का साथी श्याम बाजपेई चौबेपुर इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पैर में गोली लगी है। उसके सिर पर 25,000 रुपए का इनाम घोषित है।
बाजपेई गत 2-3 जुलाई की मध्यरात्रि को गैंगस्टर विकास दुबे को गिरफ्तार करने बिकरू गांव गए पुलिस दल पर हमले में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में वांछित था। इस मामले में पुलिस को मिली यह दूसरी बड़ी कामयाबी है। इससे पहले बुधवार सुबह विकास दुबे का करीबी साथी अमर दुबे हमीरपुर के मौदहा में स्पेशल टास्क फोर्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया। (भाषा)