Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 (08:41 IST)
Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 (08:48 IST)
Team India Wins T20 World Cup : टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर टी 20 विश्वकप खिताब जीत लिया। जैसे ही अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के आखिरी बल्लेबाज को आउट करते ही लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, बनारस समेत पूरे उत्तर प्रदेश में जीत का जश्न मना। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टी-20 विश्वकप के फाइनल मैच में शानदार जीत पर देश के सभी नागरिकों और भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, 'जयतु भारतम! आज फिर आसमान तिरंगा हो गया। 145 करोड़ भारतवासियों को हार्दिक बधाई। विश्वविजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन।'
गौरतलब है कि भारत ने न्यूजीलैंड को टी-20 विश्वकप में मात देकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टिम सिफर्ट ही अर्धशतक लगा पाए और पूरी टीम 159 रनों पर सिमट गई। जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट चटकाए।
यह किसी भी टी-20 विश्वकप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। भारत ने इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 और रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में यह खिताब जीता था।