Publish Date: Wed, 31 Dec 2025 (15:56 IST)
Updated Date: Tue, 13 Jan 2026 (17:53 IST)
Chief Minister Yogi Adityanath: 13 दिसंबर 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में भव्य काशी विश्वनाथ धाम कोरिडोर का लोकार्पण किया गया। यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक रहा है। कोरिडोर बनने के बाद काशी आने वाले पर्यटकों की संख्या में 10 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।
पहले काशी विश्वनाथ मंदिर चारों तरफ से घनी आबादी और संकरी गलियों से घिरा था। गंगा में स्नान करने के बाद भक्तों को लंबी और तंग गलियों से होकर मंदिर पहुंचना पड़ता था। अब 'ललिता घाट' से सीधे मंदिर तक एक चौड़ा और भव्य रास्ता बना दिया गया है, जिसे कोरिडोर कहा जाता है। पहले मंदिर परिसर केवल 3000 वर्ग फुट के छोटे से दायरे में सिमटा हुआ था, जो कि अब लगभग 5 लाख वर्ग फुट हो गया है।
अब एक साथ 50 हजार से 75 हजार श्रद्धालु बिना किसी भगदड़ या परेशानी के मंदिर परिसर में जमा हो सकते हैं।इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामान रखने और विश्राम की व्यवस्था है। काशी के इतिहास और संस्कृति को दर्शाने के लिए गैलरी और संग्रहालय बनाया गया है। मुमुक्षु भवन में मोक्ष की कामना रखने वाले बुजुर्ग रह सकते हैं।
दूर-दराज से आने वाले यात्रियों के लिए ठहरने और खाने की व्यवस्था है। कोरिडोर के निर्माण के दौरान जब पुरानी इमारतों को हटाया गया, तो उनके नीचे दबे हुए 40 से अधिक प्राचीन मंदिर मिले। इन मंदिरों को तोड़ा नहीं गया, बल्कि उन्हें संरक्षित करके मुख्य परिसर का हिस्सा बनाया गया है। इसे 'हेरिटेज संरक्षण' का एक बड़ा उदाहरण माना जाता है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala