Varansi MahaShivratri : वाराणसी में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस बार आस्था के साथ-साथ अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिल रही है। महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ धाम रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग, शिव-शक्ति थीम की रंगोली और भव्य सजावट श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
भगवान शिव की नगरी काशी में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस अवसर पर श्रद्धालु गंगा स्नान कर बाबा के दरबार में जलाभिषेक करते हैं और रात्रि जागरण के माध्यम से शिव आराधना करते हैं।
महाशिवरात्रि पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ धाम रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा दिखाई दे रहा है। बाबा के पूरे धाम मे आकर्षक लाइटिंग की गई है, जिसे देखकर श्रद्धालुओं मंत्रमुग्ध हो रहे है। वहीं मंदिर न्यास ने धाम का मनमोहक ड्रोन वीडियो जारी किया है, जिसमें गंगा द्वार से लेकर वीआईपी गेट तक की भव्य सजावट दिखाई दे रही है। परिसर में शिव और शक्ति की आकर्षक रंगोली भी बनाई गई है, जिसमें आस्था और कला का सुंदर संगम दिखाई दे रहा है। महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी में देश-विदेश से श्रृद्धालु आयें हुए है। माना जा रहा है श्रद्धा केंद्र काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ सकती है, जिसके चलते की प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। गंगा घाटों से लेकर मंदिर तक जाने वाले सभी मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
हाल ही में कचहरी में जिला जज को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त कर दी गई है। पूरे शहर में तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सिविल पुलिस और पीएसी के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सादे वेश में भी सुरक्षा अधिकारी भीड़ के बीच निगरानी रख रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि शिवभक्त निर्भय होकर महादेव के दर्शन कर सकें और महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा सके।