लखनऊ में गाड़ी टकराने की घटना पर दबंगों ने दरोगा को पीटा, वर्दी फाड़ी
हसनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक सोनकर ने बताया कि दरोगा पर हमला करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी आशीष शुक्ला इंदिरा नगर का रहने वाला है।
Publish Date: Fri, 03 Dec 2021 (18:53 IST)
Updated Date: Fri, 03 Dec 2021 (18:57 IST)
लखनऊ। कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवती द्वारा टैक्सी ड्रायवर को पीटने की घटना काफी वायरल हुई थी, लेकिन इस बार तो कुछ दबंगों ने खुलेआम एक दरोगा की पिटाई कर दी। हैरान करने वाली इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह घटना हसनगंज थाना क्षेत्र के निराला नगर की है। जानकारी के मुताबिक दरोगा विनोद कुमार किसी काम से अलीगंज होते हुए निराला नगर जा रहे थे। इसी बीच, दरोगा की गाड़ी रास्ते में खड़ी एक गाड़ी से टकरा गई।
चूंकि शादी का मौका था, इसलिए वहां लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। लोगों ने हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दबंग लोगों ने पहले दरोगा गालियां दीं, फिर मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि शादी-समारोह में गाड़ियां बेतरतीब तरीके से खड़ी हुई थीं।
जानकारी के मुताबिक वहां मौजूद लोगों ने दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी। इस बीच, कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया साथ ही पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। एक आरोपी का नाम आशीष शुक्ला बताया जा रहा है। बाद में हसनगंज थाने की पुलिस ने दरोगा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
हसनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक सोनकर ने बताया कि दरोगा पर हमला करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी आशीष शुक्ला इंदिरा नगर का रहने वाला है।