Publish Date: Tue, 17 Nov 2020 (15:28 IST)
Updated Date: Tue, 17 Nov 2020 (16:12 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तरप्रदेश में महिला विरोधी अपराध की कई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताना चाहिए कि 'मिशन शक्ति' अभियान कितना सफल रहा है?
उल्लेखनीय है कि कुछ हफ्ते पहले उत्तरप्रदेश सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लक्ष्य के साथ 'मिशन शक्ति' अभियान की शुरुआत की थी। इसके आरंभ के समय कहा गया था कि अभियान के पहले चरण में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के संबंध में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रियंका ने प्रदेश में महिला विरोधी अपराध की कई घटनाओं का हवाला देते हुए ट्वीट किया कि क्या उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ये बताने का कष्ट करेंगे कि उनका 'मिशन शक्ति' कितना सफल रहा? उन्होंने दावा किया कि उप्र से महिलाओं के खिलाफ अपराधों की आ रही खबरें तो कह रही हैं कि उत्तरप्रदेश महिलाओं के लिए एकदम सुरक्षित नहीं है। कई जगहों पर तो लड़कियों ने जान दे दी, क्योंकि उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। (भाषा)