Shree Sundarkand

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

प्रकृति की अनमोल कृति बेटी

Advertiesment
हमें फॉलो करें समारोह बेटियों अभिभावकों सम्मान
खरगोन , सोमवार, 26 दिसंबर 2011 (01:07 IST)
बेटी प्रकृति की अनमोल कृति है। निजी स्वार्थ के कारण हमारी पीढ़ी ने प्रकृति के इस अनुपम उपहार को नजरअंदाज कर दिया। समाज में आई इस विसंगति और कुरीति के जवाबदार हम ही हैं। वक्त के साथ हालात भी हमें ही बदलना होंगे।


यह बात चरित्र अभिनेत्री रीता वर्मा (भादुड़ी) ने शनिवार की रात बेटी बचाओ अभियान अंतर्गत राधाकुंज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। इनरव्हील क्लब द्वारा 'एक धड़कन चाहिए बेटियों के लिए' परिकल्पना पर आधारित इस कार्यक्रम में श्रीमती वर्मा मुख्य अतिथि थीं। अध्यक्षता क्लब की मंडलाध्यक्ष वंदना जायसवाल (महू) ने की। विशेष अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, अपर कलेक्टर अशोक शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विराज भालके, उद्योगपति कमलेश भंडारी व रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ. एमएस बार्चे थे।


श्रीमती वर्मा ने आगे कहा कि वर्तमान पीढ़ी ने अपने स्वार्थों को पूरा करने के लिए पुत्रों को प्राथमिकता दी और बेटियों से जन्म लेने का अधिकार छीन लिया। इसके लिए उन्होंने संपन्ना घरानों की महिलाओं को अधिक दोषी माना। उन्होंने उदाहरण दिया कि पूर्व में अधिकांश परिवारों में प्राकृतिक तौर पर जन्म लेने वाली संतान का स्वागत किया जाता था, परंतु वर्तमान पीढ़ी ने इसे बेटे-बेटी के फर्क में तब्दील कर दिया। उन्होंने बेटियों को खुशियों के रंग की संज्ञा देते हुए इस आयोजन की प्रशंसा की।


महिलाओं ने दी नई दिशा

मंडलाध्यक्ष श्रीमती जायसवाल ने कहा कि बेटियाँ कोपलों की तरह हैं और इन्हें सहेजना चाहिए। इतिहास गवाह है कि हर दौर में महिलाओं ने अपने सत्कर्मों से समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने देवी अहिल्या से लगाकर हर क्षेत्र में मुकाम हासिल करने वाली बेटियों का उदाहरण दिया। श्रीमती जायसवाल ने क्लब के प्रयास को अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर सीईओ श्री शर्मा ने स्वरचित रचना के माध्यम से बेटी बचाओ का संदेश दिया। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि वक्त के साथ कई कुरीतियों का दमन हो गया। वे आशान्वित हैं कि आने वाले समय में यह कुरीति भी समाप्त हो जाएगी। श्री भंडारी ने कहा कि बेटियों को पराया धन समझने की भूल अब नहीं करना चाहिए। डॉ. भालके व डॉ. बार्चे ने लिंग परीक्षण व भ्रूण हत्या के दुष्परिणाम बताए।


विभिन्ना विधाओं से संदेश

कार्यक्रम में विभिन्ना विधाओं के माध्यम से भी बेटी बचाओ का संदेश दिया गया। इस दौरान नृत्य, नाटिका, कविता पाठ आदि के आयोजन हुए। स्लोगन प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत बालिका मनस्वी श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन से की। अतिथि स्वागत के बाद बेटियों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण क्लब अध्यक्ष सुषमा गौर ने दिया। प्रतिवेदन सचिव श्यामा गुप्ता ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम प्रभारी सरिता महाजन व पूर्णिमा बार्चे थीं। संचालन श्रीमती बार्चे व मधुबाला अत्रे ने किया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास आरके जैन, मनजीतसिंह चावला, शब्बीर हाशमी सहित रोटरी व इनरव्हील क्लब सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। -निप्र


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi