ऐसे दंपत्ति जिसमे पति-पत्नी दोनों वीआईपी हैं उनकी भी देश में कमी नहीं है। लालू प्रसाद यादव पहले खुद वीआईपी थे फिर उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाकर उन्हें भी वीआईपी बना दिया।
पूरी तरह घरेलू महिला और खुद को रसोई और घर के कामकाज तक सीमित रखने वाली राबड़ी देवी अब न सिर्फ राजनीति में सक्रिय हैं बल्कि राष्ट्रीय जनता दल में लालू से ज्यादा लोकप्रिय हैं।
दोनों वीआईपी पति-पत्नी अब घर और सियासत दोनों जगह एक-दूसरे को संभाल रहे हैं। योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया और उनकी अर्थशास्त्री पत्नी ईशर जे. अहलूवालिया की जोड़ी भी वीआईपी दंपति में शुमार होती है।
ND
SUNDAY MAGAZINE
ईशर की मोंटेक से अलग अपनी पहचान है और लंबे समय तक नेशनल काउंसिल ऑफ अप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च में काम करने के बाद अब अपनी संस्था चला रही हैं।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन अमिताभ से पहले हिंदी फिल्मों में हिट हो गई थीं। बहुत कम लोगों को मालूम होगा कि जया के कहने पर ही प्रकाश मेहरा ने सुपरहिट फिल्म 'जंजीर' में अमिताभ को इंस्पेक्टर विजय की भूमिका दी थी जिसके बाद अमिताभ सुपर स्टार बने। कभी इलाहाबाद से अमिताभ के लोकसभा चुनाव का काम संभाल चुकी जया अब राज्यसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद हैं।
बहू ऐश्वर्या राय बच्चन भी उन्हीं की तरह शादी से पहले ही सुपर स्टार बन चुकी थीं। पति अभिषेक भी फिल्मी सितारे हैं लेकिन जया की तर्ज पर ऐश्वर्या ने फिल्मों में काम करना नहीं छोड़ा। धर्मेंद्र-हेमा मालिनी भी इसी श्रेणी के दंपति हैं। शबाना आजमी-जावेद अख्तर, वृंदा करात-प्रकाश करात, परणीत कौर-अमरेंद्र सिंह, सुखबीर बादल और सांसद पत्नी जैसे कई दंपत्ति इस श्रेणी में हैं।