Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जिम्बाब्वे ने केन्या को 161 रन से रौंदा

Advertiesment
हमें फॉलो करें जिम्बाब्वे
कोलकाता , रविवार, 20 मार्च 2011 (21:18 IST)
मध्यक्रम के बल्लेबाजों की उम्दा पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत जिम्बाब्वे ने आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के ग्रुप 'ए' के औपचारिक मैच में केन्या को 161 रन से हराकर विश्वकप से शान के साथ विदा ली।

जिम्बाब्वे ने क्रेग इरविन, वुसी सिबांडा और ततेंडा तायुबू के अर्धशतकों की मदद से छह विकेट पर 308 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में केन्या की टीम 36 ओवर में 147 रन पर सिमट गई।

केन्या की ओर से निहिमेह ओडियांबो ने सर्वाधिक नाबाद 44 रन बनाए। उन्होंने 47 गेंद की अपनी पारी में पाँच चौके मारे। विजेता टीम की ओर से रेमंड प्राइस ने 20, ग्रेग लैंब ने 21 जबकि ग्रीम क्रेमर ने 28 रन देकर दो.दो विकेट चटकाए।

जिम्बाब्वे का स्कोर एक समय 10 ओवर में 36 रन पर दो विकेट था लेकिन इसके बाद सिबांडा (57 गेंद में 61 रन) और तायुबू (74 गेंद में 53 रन) ने 117 गेंद में 110 रन जोड़कर पारी को संवारा।

इरविन ने 54 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन की तूफानी पारी खेली जबकि कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा ने तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 गेंद में 38 रन बनाये। दोनों ने सिर्फ 86 गेंद में पाँचवें विकेट के लिए 105 रन जोड़े और टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुँचाने में अहम योगदान दिया।

दोनों टीमें पहले ही क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई थी लेकिन जिम्बाब्वे की टीम मौजूदा विश्वकप में दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही। केन्या की टीम ने अपने सभी मैच गँवाए। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi