Publish Date: Tue, 08 Mar 2011 (13:07 IST)
Updated Date: Tue, 08 Mar 2011 (13:06 IST)
कनाडा के कप्तान आशीष बगई ने केन्या पर जीत को मनोबल बढ़ाने वाली करार देते हुए यहाँ कहा कि उनकी टीम अब अगले दो मैच में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती देने में सफल रहेगी।
बगई ने केन्या पर पाँच विकेट की जीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमारे लिए टूर्नामेंट का पहला चरण निराशाजनक रहा लेकिन दूसरे चरण की शुरुआत सकारात्मक रही है। आशा है कि इसका असर हमारे अगले दो मैच पर भी देखने को मिलेगा और हम बेहतर परिणाम हासिल करेंगे।’
कनाडा ने पहले तीन मैच में हारने के बाद पहली जीत दर्ज की। उसे अब 13 मार्च को मुंबई में न्यूजीलैंड से और 16 मार्च को बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है।
बगई ने कहा कि जिम्बाब्वे और पाकिस्तान के खिलाफ हार निराशाजनक रही। उन्होंने कहा, ‘हम जिम्बाब्वे के खिलाफ अपेक्षानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए जबकि पाकिस्तान के खिलाफ हमने जीत का मौका गँवाया। यह हमारे लिए बेहद निराशाजनक था लेकिन इस जीत से निश्चित तौर पर टीम का मनोबल बढ़ेगा।’
उन्होंने जीत का श्रेय मैन ऑफ द मैच हेनरी ओसिंडे और जिम्मी हंसरा को दिया जिन्होंने 70 रन की पारी खेली। बगई ने कहा, ‘ओसिंडे ने पहले हमारे लिये बेहतरीन भूमिका निभाई और इसके बाद जिम्मी मेरे साथ क्रीज पर जमा रहा। सौभाग्य से हम पर रन रेट का दबाव नहीं था।’
दिल्ली में जन्मे बगई ने कहा कि उन्हें दिल्ली में घर जैसा समर्थन मिला। उन्होंने कहा, ‘मेरे दादा दादी और माँ, पिताजी भी मैच देखने के लिए आए थे।
केन्या के कप्तान जिमी कमांडे ने कहा कि यदि उनकी टीम ने 230 रन का स्कोर बनाया होता तो फिर कहानी दूसरी होती। उन्होंने कहा, ‘हमने पाँच विकेट 57 रन पर गँवा दिए थे जिससे उबरना मुश्किल था। इसके बावजूद हम कुछ अच्छा स्कोर खड़ा करने में सफल रहे। इस पिच पर हालाँकि 230 रन का बचाव किया जा सकता था क्योंकि पिच पर गेंद थोड़ी नीची रह रही थी।’
कमांडे ने कहा, ‘यह हार काफी आहत करने वाली रही। हम बहुत निराश हैं क्योंकि हमें विश्वास नहीं था कि हमारे लिए टूर्नामेंट इस तरह से आगे बढ़ेगा लेकिन कनाडा की तारीफ करनी होगी। उसने हर विभाग में हमसे बेहतर प्रदर्शन किया।’ केन्या को अब अगला मैच 13 मार्च को बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया से खेलना है और कमांडे ने उम्मीद जताई कि वह मैच एकतरफा नहीं होगा।
उन्होंने कहा ‘हमारी टीम लगातार सुधार कर रही है और आशा है कि हम उन्हें अच्छी चुनौती देंगे।’ कनाडा के ओसिंडे को 26 रन देकर चार विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा, ‘यहाँ मुझे स्विंग मिल रही थी जिससे मैं थोड़ा हैरान हुआ। हम नवंबर में भारत आए थे और तब हमने यहाँ की पिचों का जायजा मिला था जिसका फायदा मिला।’ (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें