Publish Date: Thu, 10 Mar 2011 (16:39 IST)
Updated Date: Thu, 10 Mar 2011 (16:39 IST)
विश्वकप में अभी तक के लचर प्रदर्शन के कारण प्रशंसकों और पूर्व क्रिकेटरों की आलोचनाएँ झेल रहे बांग्लादेश के कप्तान के साकिब अल हसन ने कहा कि उनकी टीम इंग्लैंड के खिलाफ कल होने वाले मैच से पहले काफी तनाव में है।
बांग्लादेश तीन मैच में अब तक केवल एक में जीत दर्ज कर पाया है और उस ग्रुप चरण से बाहर होने का खतरा मँडरा रहा है। उसे क्वार्टर फाइनल में पहुँचने की उम्मीदें बरकरार रखने के लिए कल ग्रुप बी मैच में इंग्लैंड पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
साकिब ने कहा कि टीम तनाव में है लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ी तनाव में हैं लेकिन उन्हें विश्वास है कि वह अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। हमने मैच के लिए अच्छी तैयारी की है। पिछले कुछ दिनों में हमने कड़ी मेहनत की है। मैंने सारा दबाव खुद झेलने की कोशिश की है ताकि बाकी खिलाड़ियों पर से दबाव कम हो सके।'
साकिब ने कहा, ‘मेरा मानना है कि हमारे लिए इस मैच में अच्छा मौका है। हमें अच्छा, सकारात्मक और कड़ा क्रिकेट खेलना होगा। यदि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तो फिर दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकते हैं।’
बांग्लादेश के खराब प्रदर्शन पर प्रशंसकों ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। वेस्टइंडीज से नौ विकेट की हार के बाद प्रशंसकों ने कैरेबियाई टीम बस पर पत्थर फेंके और साकिब के आवास पर भी पथराव किया। (वार्ता)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें