Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

धोनी के घर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हमें फॉलो करें धोनी के घर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
रांची , शनिवार, 2 अप्रैल 2011 (12:53 IST)
GS
मुंबई में भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले विश्वकप फाइनल मुकाबले को देखते हुए यहाँ भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी के घर और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है जबकि उनके प्रशंसक मंदिरों में टीम इंडिया की सफलता के लिए पूजा पाठ कर रहे हैं।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि विश्वकप फाइनल मुकाबले के लिए भारत-श्रीलंका मैच के तनाव को देखते हु्ए यहाँ भारतीय क्रिकेट टीम कप्तान धोनी के हरमू स्थित घर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कुमार ने बताया कि धोनी के घर पर हमेशा ही सुरक्षा की विशेष व्यवस्था रहती है लेकिन फाइनल मैच होने के कारण वहाँ और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि भारत के मैच जीतने या हारने दोनों स्थितियों में धोनी के घर के सामने क्रिकेट प्रेमियों के उमड़ने की आशंका को देखते हुए ऐसा किया किया है।

उन्होंने बताया कि धोनी के घर पर सुरक्षा बलों के विशेष दस्ते की तैनाती की गए है। इसके अलावा स्थानीय थाने को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

कुमार ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले में तीस मार्च को भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद अल्बर्ट एक्का चौक पर एकत्रित भीड़ में से कुछ असामाजिक तत्वों ने अल्बर्ट एक्का की मूर्ति में लगी बंदूक की प्रतिकृति को नुकसान पहुँचाया।

उन्होंने इस घटना के मद्देनजर इस बार सुरक्षा और कड़ी करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की तस्वीर मिल गयी है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश की जा रही है।

इस बीच धोनी के प्रशंसकों ने रांची के पहाड़ी मंदिर और धोनी के प्रिय देवड़ी मंदिर समेत तमाम मंदिरों में भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष पूजा की। अनेक क्रिकेट प्रेमियों ने कल पहाड़ी मंदिर में यज्ञ का भी आयोजन किया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi