Publish Date: Wed, 16 Mar 2011 (16:49 IST)
Updated Date: Wed, 16 Mar 2011 (16:48 IST)
विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर चुके न्यूजीलैंड ने मांसपेशी में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे तेज गेंदबाज काइल मिल्स के कवर के तौर पर डेरेल टफी को टीम में शामिल किया है।
न्यूजीलैंड के कोच मार्क ग्रेटबैच ने कहा 'मिल्स मांसपेशी में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में हमारे लिए उनका कवर लेना जरूरी है। मिल्स को कनाडा के खिलाफ शनिवार को यहाँ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान यह समस्या हुई थी।'
ग्रेटबैच ने कहा 'हमारी मेडिकल टीम काइल को जल्दी से जल्दी फिट करने में जुटी है। हमें उम्मीद है कि काइल विश्वकप में हमारे लिए अहम भूमिका निभाएँगे। ऐहतियात के तौर पर हमने टफी को टीम में शामिल किया है। न्यूजीलैंड को अपना आखिरी लीग मुकाबला शुक्रवार को मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ खेलना है।
उन्होंने कहा 'टफी को यहाँ जल्दी लाकर दरअसल हम उन्हे यहाँ की परिस्थितियों में ढालना चाहते हैं। टफी अभी न्यूजीलैंड के प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट (प्लंकेट शील्ड) में खेल रहे हैं। उनके शुक्रवार को टीम के साथ जुड़ने की संभावना है। (वार्ता)