Publish Date: Thu, 10 Mar 2011 (10:47 IST)
Updated Date: Thu, 10 Mar 2011 (10:46 IST)
भारत के हाथों विश्वकप लीग मैच में पाँच विकेट से मिली हार के बावजूद हॉलैंड के कप्तान पीटर बोरेन ने कहा कि इस मैच से उनकी टीम का मनोबल बढ़ा है और अगले दो मैचों में वे जीत का स्वाद चखने की कोशिश करेंगे।
जीत के लिए 190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने एक समय 99 रन पर चार विकेट गँवा दिए थे। बोरेन ने कहा कि उस समय दो विकेट और मिलने पर उनकी टीम उलटफेर कर सकती थी।
उन्होंने कहा कि भारत के चार विकेट 100 रन पर गिर गए थे। उस समय दो विकेट और मिले होते तो हम उलटफेर कर सकते थे। हमारे पास मौका था और हमें तकदीर का साथ चाहिए था लेकिन युवराज ने एक बार फिर भारत के लिये संकटमोचक की भूमिका निभाई।
बोरेन ने अपने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि सहवाग और तेंडुलकर ने जिस तरह की शुरुआत दी थी, उसके बाद भारत के पाँच विकेट उखाड़ना काबिले तारीफ है। पीटर सीलर (तीन विकेट) इस रात को कभी नहीं भूल पाएगा क्योंकि उसने बेहद मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ यह प्रदर्शन किया है।
डच कप्तान ने कहा कि आयरलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ मैचों में वे जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मैच से हमारा मनोबल बढ़ा है। अगले दो मैच हमारे लिए अहम हैं और हम उसमें जीत का स्वाद चखने की कोशिश करेंगे। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें