World Cup 2011 %e0%a4%b5%e0%a4%bf%e0%a4%b6%e0%a5%8d%e0%a4%b5%e0%a4%95%e0%a4%aa %e0%a4%95%e0%a4%be %e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%b2%e0%a4%be %e0%a4%89%e0%a4%b2%e0%a4%9f%e0%a4%ab%e0%a5%87%e0%a4%b0 111030200051_1.htm

Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

विश्वकप का पहला उलटफेर

आयरलैंड ने इंग्लैंड को तीन विकेट से हराया

Advertiesment
इंग्लैंड
PTI

विश्वकप के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने वाले केविन ओ ब्रायन के बल्ले से निकले रनों के दम पर ‘जॉइंट किलर’ आयरलैंड ने बुधवार को रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करके टूर्नामेंट का पहला उलटफेर करते हुए ग्रुप-बी के मैच में इंग्लैंड को तीन विकेट से हरा दिया।

वेस्टइंडीज में खेले गए पिछले विश्व कप में पाकिस्तान का बोरिया बिस्तर बाँधने वाली आयरिश टीम ने आज जीत के लिए 328 रन का लक्ष्य 49.1 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। विश्व कप के इतिहास में आयरलैंड ने बाद में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करके जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

उसकी जीत के सूत्रधार रहे ओ ब्रायन ने सिर्फ 50 गेंद में शतक जमाकर विश्वकप का सबसे तेज सैकड़ा अपने नाम कर लिया। उन्होंने अपनी यादगार पारी में 13 चौके और छह छक्के लगाए।

ओ ब्रायन उस समय आउट हुए जब आयरलैंड को 12 गेंद में 12 रन की जरूरत थी। स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद को मिडविकेट पर खेलकर ओब्रायन एक रन लेकर दूसरा रन लेने के लिये दौड़े, लेकिन फील्डर ने उनकी गिल्लियाँ बिखेर दीं। उन्होंने 63 गेंद में 113 रन बनाए जिसमें 13 चौके और छह छक्के शामिल थे।

जॉन मूनी (30 गेंद में 34 रन) ने जेम्स एंडरसन को आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर आयरलैंड को अप्रत्याशित जीत दिलाई। खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम को पिछले मैच में टाई पर रोकने वाली इंग्लैंड टीम आज आयरलैंड के सामने मैच में नजर नहीं आई। उसके गेंदबाजों की ब्रायन और एलेक्स कुसाक (47) ने जमकर धुनाई की।

पिछले विश्व कप में पाकिस्तान को अप्रत्याशित रूप से हराकर विश्वकप के पहले ही दौर से बाहर करने वाली आयरलैंड की टीम ने एक बार फिर अपनी उस ख्याति को बरकरार रखा। पाकिस्तान की उस बदनाम हार के एक दिन बाद ही उसके कोच बॉब वूल्मर रहस्यमय हालात में मौत हो गई थी।

आयरलैंड की शुरूआत खराब रही थी और कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड पहली ही गेंद पर आउट हो गए। शीर्ष पाँच बल्लेबाज 25वें ओवर में 111 के स्कोर पर लौट चुके थे, लेकिन ओब्रायन और कुसाक ने छठे विकेट के लिए 162 रन जोड़कर टीम को मैच में लौटाया।

इससे पहले जोनाथन ट्राट के 92 रन की मदद से इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 327 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका में जन्मे ट्रॉट ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेली गई इस पारी के दौरान ही सबसे तेजी से 1000 वनडे रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।

आयरलैंड के खिलाफ अगस्त 2009 में वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले ट्राट ने इयान बेल (81) के साथ चौथे विकेट के लिए 156 गेंद में 167 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी। ट्रॉट जिस समय बल्लेबाजी के लिए उतरे, उन्हें सबसे तेज 1000 वनडे रन के केविन पीटरसन और वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्‍स के रिकॉर्ड की बराबरी के लिए 64 रन चाहिए थे।

इससे पहले एंड्रयू स्ट्रॉस (34) और केविन पीटरसन (59) ने इंग्लैंड को शानदार शुरुआत देते हुए 13. 3 ओवर में 91 रन बनाए। पीटरसन ने बायड रैंकिन को मिडविकेट पर चौका लगाया और अगले ओवर में लगातार दो चौके जड़े। भारत के खिलाफ पिछले मैच में 158 रन बनाने वाले स्ट्रॉस ने जानस्टन को चौका लगाने के बाद रैंकिन को फाइन लेग सीमा पर पारी का पहला छक्का जड़ा। दोनों ने टीम के 50 रन 47 गेंद में पूरे किए। (एजेंसी)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi