Publish Date: Fri, 04 Mar 2011 (00:42 IST)
Updated Date: Fri, 04 Mar 2011 (00:41 IST)
पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने यहाँ क्रिकेट विश्व कप में कनाडा पर 46 रन की जीत दर्ज करने के बाद कहा कि टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला बिलकुल ठीक था लेकिन उनके बल्लेबाजों का शॉट चयन काफी खराब रहा।
अफरीदी ने 23 रन देकर पाँच विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' से भी नवाजा गया। एक समय ऐसा लग रहा था कि कनाडा की टीम विश्व कप का दूसरा उलटफेर करने को तैयार है क्योंकि उसने पाकिस्तानी टीम को 43 ओवर में 184 रन पर समेट दिया था।
पाकिस्तानी कप्तान गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुश थे लेकिन उन्हें लगता है कि बल्लेबाजों को अभी से ध्यान देने की जरूरत है। अफरीदी ने मैच के बाद कहा कि हमें इससे सतर्क हो जाना चाहिए। कोच वकार यूनिस और मैं खिलाड़ियों से इस संबंध में बात करेंगे। हमार शॉट चयन अच्छा नहीं था।
उन्होंने साथ ही कहा कि वे दोबारा इस तरह का प्रदर्शन नहीं दोहराएँगे। पिच के बारे में अफरीदी ने कहा यह गेंदबाजी स्पिन और तेज गेंदबाजी के लिए अच्छी पिच है। अफरीदी से उनकी गेंदबाजी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा, ‘बहुत अच्छा' (अलहमदुलिल्लाह)।
कनाडा के कप्तान आशीष बगई इस हार से काफी निराश थे क्योंकि इसमें उनके पास जीत दर्ज करने का बढ़िया मौका था। बगई ने कहा कि यह हमारे लिए काफी निराशाजनक हार है। हमारे पास आज अच्छा मौका था। हमारे गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन बल्लेबाजी की समस्या बरकरार है। हमने खुद को निराश किया है।
उन्होंने कहा कि चुनौती का सामना करना एक बात है लेकिन एक स्तर से दूसरे स्तर पर पहुँचना काफी अलग है। हम इससे पीछे रह गए। सिर्फ इसी मैच में नहीं बल्कि पिछले दो हफ्तों से हमारी बल्लेबाजी की चिंता बरकरार है। बगई ने कहा यहाँ दर्शकों का समर्थन काफी बढ़िया था। कुछ कनाडा के दर्शक भी यहाँ मैच देखने पहुँचे हुए थे। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें