Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

चार सर्वश्रेष्ठ टीमें विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचीं-हेसन

Advertiesment
world cup semifinal
ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के कोच माइक हेसन ने रविवार को कहा कि विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची टीमों को लेकर कोई संशय नहीं है, क्योंकि 4 सर्वश्रेष्ठ टीमें अब भी टूर्नामेंट में बची हुई हैं।
 
मार्टिन गुप्टिल की नाबाद 237 रन की पारी की मदद से न्यूजीलैंड शनिवार को वेस्टइंडीज को 143 रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी और अंतिम टीम बना था।
 
न्यूजीलैंड मंगलवार को ऑकलैंड में पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा जबकि इसके 2 दिन बाद भारत को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है।
 
मीडिया में वेस्टइंडीज पर जीत सुर्खियां बनीं और एक रेडियो स्टेशन ने तो अगले मंगलवार को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की जिससे कि पूरा देश दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला देख सके।
 
न्यूजीलैंड के विश्व कप में लगातार 7 जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद कोच हेसन ने कहा कि उनकी टीम वनडे की शीर्ष टीमों में शामिल होने की हकदार है।
 
हेसन ने कहा कि 4 सर्वश्रेष्ठ टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है और मुझे नहीं लगता कि काफी लोग इससे असहमत होंगे। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की टीम अपने दिन शानदार प्रदर्शन करती है लेकिन उन्हें दबाव में डालिए और फिर देखिए क्या होता है।
 
मंगलवार को सेमीफाइनल के संदर्भ में कोच ने कहा कि दोनों टीमें अच्छा क्रिकेट खेल रही हैं और यह रोमांचक मुकाबला होगा। हेसन ने कहा कि एक टीम के रूप में न्यूजीलैंड आश्वस्त है और उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ गुप्टिल की पारी को उनके द्वारा देखी गई सर्वश्रेष्ठ पारियों में शामिल किया।
 
कोच ने साथ ही 36 वर्षीय स्पिनर डेनियल विटोरी की भी तारीफ की जिन्होंने हवा में ऊंची छलांग लगाते हुए वेस्टइंडीज के मर्लेन सैमुअल्स का शानदार कैच लपका था। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi