Publish Date: Sat, 14 Mar 2015 (16:46 IST)
Updated Date: Sat, 14 Mar 2015 (16:49 IST)
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान ब्रेंडन टेलर के एक छक्के ने एक भारतीय दर्शक को लखपति बना दिया। अपने आखिरी वनडे इंटरनैशनल मैच में ब्रेंडन टेलर ने धमाकेदार पारी और अपनी शानदार पारी में पांच छक्के जड़े।
पारी के 41वें ओवर में रवींद्र जडेजा की धुनाई के दौरान टेलर ने लॉन्ग ऑफ बाउंड्री के ऊपर से सिक्स जड़ा। गेंद बी ब्लॉक के स्टैंड में गई और वहां बैठे भारतीय मूल के अंकुश भारद्वाज ने उसे एक हाथ से लपक लिया। फिर क्या था, अंकुश के इर्द-गिर्द बैठे भारतीय फैन झूमने-नाचने-गाने लगे। पूरे स्टेडियम में उनकी चर्चा होने लगी। उन्हें बिग स्क्रीन पर दिखाया जाने लगा।
दरअसल, अंकुश ने यह कैच एक कंपनी के चैलेंज 'कैच अ मिलियन' के तहत लिया है। इस कंपनी की ऑरेंज रंग की टीशर्ट पहनकर मैच देखने वाला कोई फैन अगर एक हाथ से कैच पकड़ लेता है तो वह 10 लाख डॉलर के इस चैलेंज का हिस्सेदार बन जाता है।
कंपनी ने न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के 23 मैचों के लिए यह चैलेंज रखा है। अब तक 6 फैंस ने इस चैलेंज के तहत कैच पकड़े हैं। न्यूजीलैंड में सेमीफाइनल समेत तीन और मैच होने हैं। इसके बाद जितने भी फैंस ने इस तरह कैच पकड़े होंगे उनके बीच 10 लाख डॉलर की राशि बराबर हिस्से में बांटी जाएगी। हालांकि, यह तभी होगा जब न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप जीतेगा।