Publish Date: Sun, 15 Mar 2015 (15:31 IST)
Updated Date: Sun, 15 Mar 2015 (15:37 IST)
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे हर तरह की परिस्थितियों से जल्द सामंजस्य बिठा लेते हैं और इसके लिए उनके पास रणनीति तैयार रहती है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी लीग मैच में सुरेश रैना के नाबाद 110 रन और धोनी की 85 रन की पारियों की मदद से भारत ने टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा है। वह क्वार्टर फाइनल में गुरुवार को मेलबर्न में बांग्लादेश से भिड़ेगा।
लक्ष्मण ने कहा कि सुरेश रैना को रन बनाते हुए देखकर मुझे अच्छा लगा। भारत के चोटी के 4 बल्लेबाजों को टूर्नामेंट में अब तक बल्लेबाजी का पर्याप्त मौका मिला है और वे अच्छे टच में हैं।
उन्होंने धोनी के बारे में कहा कि धोनी की यह खूबी मुझे काफी प्रभावित करती है कि वे खेल की भिन्न परिस्थितियों से बहुत जल्दी सामंजस्य बिठा लेते हैं। धोनी परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझते हैं और उनकी रणनीति हमेशा तैयार रहती है।
धोनी को उनके करियर के शुरू में ही कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई और मेरा मानना है कि उन्होंने इसका पूरा उपयोग किया। भारत ने लीग चरण में अपने सभी 10 मैच जीते। वह विश्व कप में लगातार 10 मैचों में जीत दर्ज कर चुका है। लक्ष्मण ने इस सफलता का श्रेय धोनी की कप्तानी को भी दिया जिन्होंने गेंदबाजों को निरंतर अच्छी गेंदबाजी के लिए प्रेरित किया।
लक्ष्मण ने कहा कि वे टूर्नामेंट में टीम को बहुत अच्छी तरह से संभाल रहे हैं। उनकी हमेशा आलोचना की जाती रही है कि वे मैच के दौरान गेंदबाजों से ज्यादा बात नहीं करते हैं लेकिन इस टूर्नामेंट में वे गेंदबाजों से लगातार बात कर रहे हैं और उन्हें परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस कलात्मक बल्लेबाज ने टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन की भी तारीफ की।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने सभी विभागों में अपनी मजबूती दिखाई है। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के तीनों तेज गेंदबाजों ने 3-3 विकेट लिए। भारत बल्लेबाजी करते हुए जटिल स्थिति में था, क्योंकि उसने 4 विकेट जल्दी गंवा दिए थे लेकिन रैना और धोनी ने शानदार साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिलाई। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 15 Mar 2015 (15:31 IST)
Updated Date: Sun, 15 Mar 2015 (15:37 IST)