Publish Date: Sat, 07 Mar 2015 (19:35 IST)
Updated Date: Sat, 07 Mar 2015 (19:42 IST)
आकलैंड। विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका पर शानदार जीत के एक घंटे बाद पाकिस्तानी टीम विवाद में पड़ गई जब कोच वकार यूनुस एक खिलाड़ी के साथ कथित मतभेद का सवाल पूछे जाने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर चले गए।
वकार से पूछा गया था कि उन्होंने विकेटकीपर सरफराज अहमद को अभी तक क्यों नहीं उतारा जिसने 49 रन बनाने के साथ छह बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा। वकार ने कहा कि उनके पास बेवकूफाना सवालों के लिए समय नहीं है।
मीडिया में अटकलें लगाई जा रही थीं कि लंबे समय से खराब फार्म के बावजूद नासिर जमशेद को मौके क्यों दिए जा रहे हैं। एक पत्रकार ने जब यह पूछा कि पिछले मैचों में सरफराज को नहीं उतारने के पीछे कोई राजनीति है, तो वकार ने आपा खो दिया।
उन्होंने उर्दू में पूछे गए सवाल पर कहा, टीम में 15 खिलाड़ी हैं और सर्वश्रेष्ठ 11 को उतारा जाता है। आज सर्वश्रेष्ठ 11 खेले। इसमें कोई सियासत नहीं है। आप इसे सियासी रंग दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, मैं कसूरवार क्यों हूं। नासिर जमशेद भी तो टीम का हिस्सा हैं। इसके बाद उन्होंने कहा, अब प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म करने का समय है। मेरे पास आपके बेवकूफाना सवालों के लिए समय नहीं है। (भाषा)