गेंदबाजों ने दिलाई वेस्टइंडीज को यूएई पर बड़ी जीत
Publish Date: Sun, 15 Mar 2015 (07:55 IST)
Updated Date: Sun, 15 Mar 2015 (17:42 IST)
नेपियर। कप्तान जैसन होल्डर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां पूल बी के 'करो या मरो' वाले अपने आखिरी लीग मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 117 गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट से हराकर आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
वेस्टइंडीज के लिए यह जरूरी था कि वह यूएई को कम से कम स्कोर पर आउट करे। होल्डर (27 रन देकर 4 विकेट) और जेरोम टेलर (36 रन देकर 3 विकेट) की अच्छी गेंदबाजी से वह यूएई को 47.4 ओवर में 175 रन पर आउट करने में सफल रहा।
यूएई के लिए निचले क्रम के बल्लेबाज नासिर अजीज (60) और अमजद जावेद (56) ने 7वें विकेट के लिए 107 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
क्रिस गेल की अनुपस्थिति में खेल रहे वेस्टइंडीज की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही लेकिन जॉनसन चार्ल्स (55), जोनाथन कार्टर (नाबाद 50) और दिनेश रामदीन (नाबाद 33) की पारियों से उसने 176 रन का लक्ष्य 30.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर दिया।
वेस्टइंडीज ने जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन इसके बाद उसकी निगाह पाकिस्तान और आयरलैंड के मैच पर टिकी थी। इस मैच के टाई होने की दशा में वेस्टइंडीज बाहर हो जाता लेकिन पाकिस्तान ने 7 विकेट से मैच जीता। वेस्टइंडीज के भी आयरलैंड के समान 6 मैचों में 6 अंक रहे लेकिन वह बेहतर रन गति के आधार पर आगे बढ़ने में सफल रहा।
आयरलैंड ने अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज को हराया था। वेस्टइंडीज ग्रुप बी से चौथी टीम के रूप में नॉकआउट चरण में पहुंचा। कैरेबियाई टीम क्वार्टर फाइनल में पूल ए से शीर्ष पर रही न्यूजीलैंड से 21 मार्च को वेलिंगटन में भिड़ेगी।
होल्डर ने फिर से आगे बढ़कर नेतृत्व किया और यूएई को पहले बल्लेबाजी का न्योता देने के बाद उसके शीर्ष क्रम को झकझोरकर रख दिया। यूएई का स्कोर 14वें ओवर में 6 विकेट पर 46 रन था। अजीज और जावेद ने हालांकि इसके बाद सतर्कता और आक्रामकता के अच्छे मिश्रण से शतकीय साझेदारी निभाई। इन दोनों के अलावा केवल मोहम्मद नावीद (14) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से होल्डर और टेलर के अलावा आंद्रे रसेल ने 20 रन देकर 2 विकेट लिए जबकि मर्लेन सैमुअल्स ने 10 ओवर में केवल 25 रन दिए। वेस्टइंडीज को कम से कम ओवरों में लक्ष्य हासिल करने की जरूरत थी लेकिन उसके बल्लेबाजों को भी मैकलीन पार्क की पिच से सामंजस्य बिठाने में दिक्कत हुई।
गेल के चोटिल होने के कारण पारी की शुरुआत करने वाले चार्ल्स ने तो एक छोर से तेजी से रन बनाए लेकिन ड्वेन स्मिथ (15) फिर से नाकाम रहे जबकि उनका स्थान लेने के लिए आए सैमुअल्स (9) भी अधिक देर तक नहीं टिक पाए। इन दोनों को मंजुला गुरुगे (40 रन देकर 2 विकेट) ने आउट किया।
चार्ल्स ने अमजद जावेद (29 रन देकर 2 विकेट) की गेंद पर कैच थमाने से पहले कार्टर के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। चार्ल्स ने अपनी पारी में 40 गेंदें खेलीं तथा 9 चौके व 2 छक्के लगाए। आंद्रे रसेल (7) को ऊपरी क्रम में भेजा गया, लेकिन जावेद ने उन्हें भी ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया।
कार्टर और रामदीन ने इसके बाद टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया। ये दोनों हालांकि अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए। इन दोनों ने अपनी 58 रन की अटूट साझेदारी के लिए 79 गेंदें खेलीं। कार्टर ने अपनी 58 गेंदों की पारी में 5 चौके लगाए जबकि रामदीन ने 50 गेंदें खेलकर 2 चौके जड़े। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 15 Mar 2015 (07:55 IST)
Updated Date: Sun, 15 Mar 2015 (17:42 IST)