Publish Date: Wed, 25 Mar 2015 (14:43 IST)
Updated Date: Wed, 25 Mar 2015 (14:46 IST)
सिडनी। स्टीवन स्मिथ का मानना है कि गुरुवार को होने वाले विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए बहुत अधिक शॉर्ट पिच गेंद करने की रणनीति भारत पर उलटी पड़ सकती है।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों विशेषकर माइकल क्लार्क और शेन वॉटसन को शॉर्ट पिच गेंदों से खासा परेशान किया लेकिन आखिर में ऑस्ट्रेलिया यह मैच आसानी से जीतने में सफल रहा था।
स्मिथ को नहीं लगता कि शॉर्ट पिच गेंदों से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान किया जा सकता है। उन्होंने 'सिडनी मार्निंग हेरॉल्ड' से कहा कि दो खिलाड़ी शॉर्ट पिच गेंदों से आउट हो गए। यह खेल का हिस्सा है। आप किसी भी तरह से आउट हो सकते हो।
स्मिथ ने कहा कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि वे इस विकेट पर कुछ शॉर्ट पिच गेंदें करें। यदि वे इस विकेट पर ऐसा करते हैं तो तेज आउटफील्ड के कारण यह हमारे अनुकूल हो सकता है। (भाषा)