Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

श्रीलंका स्पिन के दम पर दक्षिण अफ्रीका को रोकेगा!

Advertiesment
क्रिकेट वर्ल्ड कप 2015
वर्ल्ड कप 2015 का पहला क्वार्टर फाइनल मैच श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को सिडनी में खेला जाएगा। क्रिकेट विशषज्ञ इस मुकाबले के लिए किसी भी टीम को फेवरेट नहीं मान रहे हैं। याने कहना मुश्किल है कि ऊंट किस करवट बैठगा। 
 
दक्षिण अफ्रीका टीम पेपर पर बहुत मजबूत है। एबी डिविलियर्स की टीम को वर्ल्ड कप की शुरुआत से ही खिताब का दावेदार माना जा रहा है, लेकिन ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान से मिली हार से टीम का आत्मविश्वास प्रभावित हुआ है। पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद डिविलियर्स नेल कहा भी था कि मैं अकेला वर्ल्ड कप जीतने नहीं आया हूं। इसके बावजूद यह टीम खिताब जीतने का माद्दा रखती है और अगर क्वार्टर फाइनल में वह श्रीलंका को पटखनी दे भी दे तो किसी को आश्चर्य नहीं होगा। 
 
दूसरी तरफ श्रीलंका टीम है, जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों की पूरी फौज है। कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, तिलकरत्ने दिलशान, लसिथ मलिंगा जैसे खिलाड़ी संभवत: अपना अंतिम वर्ल्ड कप खेल रहे हैं और वे इसे हर हाल में जीतना चाहते हैं। 
 
संगकारा और दिलशान अपने जीवन के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में है और इस वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड का अंबार लगा चुके हैं। संगकारा अब तक इस वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और उनसे दक्षिण अफ्रीका खासतौर पर सतर्क रहना चाहेगी। 
 
दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका दोनों ही फॉर्म में हैं और मोटे  तौर पर अंदाज़ा लगाना मुश्किल है कि कौन सी टीम का पलड़ा भारी रहेगा। यह मैच सिडनी में होना है और वहां स्पिन गेंदबाज़ प्रभावी होते हैं और रनों पर अंकुश लगा सकते हैं। श्रीलंका इस विभाग में दक्षिण अफ्रीका से आगे है। रंगना हैरथ भले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में न खेल पाएं, लेकिन सेनानायके और सीकुजे प्रसन्ना की जोड़ी दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को परेशान करने के लिए काफी है। बीच के ओवरों में दिलशान भी अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।
 
दक्षिण अफ्रीका के लिए स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी इमरान ताहिर के कंधों पर रहेगी। ताहिर ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज स्पिन खेलने में उस्ताद हैं, लिहाजा ऐसा हो सकता है कि ताहिर की स्पिन की एक न चले।
 
कुल मिलाकर वर्ल्ड कप का पहला क्वार्टर फाइनल श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच में हमें बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिलेगा, जिसमें श्रीलंका के शीर्ष क्रम और दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम के बल्लेबाजों के बीच घमासान जंग होगी। (वेबदुनिया डेस्क)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi