Publish Date: Sat, 21 Mar 2015 (15:17 IST)
Updated Date: Sat, 21 Mar 2015 (15:22 IST)
- वेबदुनिया डेस्क
यह सवाल अजीब हो सकता है कि क्रिकेट वर्ल्ड कप 2015 में कौन-सा सेमीफाइनल बड़ा है? दोनों ही सेमीफाइनल महत्वपूर्ण हैं और इन मैचों की विजेता टीम 29 मार्च को मेलबर्न में खिताब के लिए भिड़ेगी। पहला सेमीफाइनल 24 मार्च को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 26 मार्च को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेला जाएगा।
इन चार में से दो टीमें ऐसी हैं जिन्होंने अब तक वर्ल्ड कप नहीं जीता है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका ने एक बार भी खिताब नहीं जीता और ये टीमें कभी भी फाइनल मैच भी नहीं खेली हैं। मौजूदा वर्ल्ड कप में भी इनमें से कोई एक टीम ही फाइनल में जगह बना पाएगी, क्योंकि ये दोनों ही टीमें पहले सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं। पहली बार वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने और खिताब जीतने की संभावना को देखते हुए पहला सेमीफाइनल बड़ा हो सकता है।
लोकप्रियता के अनुसार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले सेमीफाइनल का कोई जवाब नहीं। दोनों ही देशों में क्रिकेट का जादू सिर चढ़कर बोलता है और दर्शक बेहद जुनूनी हैं। इस मैच में लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड बनेंगे। अब देखना यह है कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका मैच के विजेता को पहली बार खिताब जीतने के लिए दो बार के चैंपियन भारत से मुकाबला करना होगा या चार बार खिताब जीत चुकी ऑस्ट्रेलिया टीम सामने होगी।