Publish Date: Thu, 05 Mar 2015 (15:29 IST)
Updated Date: Thu, 05 Mar 2015 (15:33 IST)
पर्थ। वेस्टइंडीज के युवा कप्तान जैसन होल्डर ने आज कहा कि उन्होंने आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से खेलते हुए महेंद्र सिंह धोनी से कप्तानी के गुर सीखे हैं। वेस्टइंडीज के आईसीसी विश्व कप में भारत के खिलाफ कल होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर इस 23 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा कि मैंने धोनी से काफी कुछ सीखा है।
वह बहुत अच्छे कप्तान है। वह ऐसा खिलाड़ी है जिसकी ड्रेसिंग रूम में इज्जत है। होल्डर के अनुसार केवल धोनी ही नहीं बल्कि एबी डिविलियर्स जैसे खिलाड़ियों से भी वह प्रेरणा लेते हैं। अब तक वेस्टइंडीज की तरफ से 30 वनडे खेलने वाले होल्डर ने कहा कि यदि मैं अपने करियर की बात करूं तो फिर मैं केवल महेंद्र सिंह धोनी बल्कि उन अन्य सफल खिलाड़ियों से भी प्रेरणा लेता हूं जिन्होंने इससे पहले क्रिकेट खेली है।
मैं प्रत्येक खिलाड़ी से कुछ सीखने की कोशिश करता हूं। होल्डर से पूछा गया कि क्या वाका पर उनकी टीम की जीत की संभावना है, उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि क्रिकेट में एक दिन का प्रदर्शन मायने रखता है। पिछले दिनों मैंने बेहतरीन बल्लेबाज (एबी डिविलियर्स) का सामना किया जो कि शानदार फॉर्म में है।
लेकिन मुझे लगता है कि कल यदि हम अधिक अनुशासित होकर खेले तो हम उनसे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। कम से कम हम उन पर दबाव बनाकर पारी समाप्त करने की कोशिश कर सकते हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान ने कहा कि निश्चित तौर पर उनके पास अच्छे खिलाड़ी हैं जो फॉर्म में हैं। सभी जानते हैं कि विराट पिछले कुछ वर्षों से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
उनके पास शिखर धवन है जो अच्छी फॉर्म में है। इसके अलावा सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी हैं। लेकिन मुझे उम्मीद है कि हमारे गेंदबाज अपनी रणनीति के अनुसार प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि लेकिन उनकी बल्लेबाजी लाइन अप काफी अच्छी है और उसके पास काफी अच्छे खिलाड़ी हैं। हमने उनके लिए रणनीति बनाई है और कल हम इस पर अमल करने की कोशिश करेंगे।