Publish Date: Mon, 16 Mar 2015 (15:17 IST)
Updated Date: Mon, 16 Mar 2015 (15:22 IST)
सिडनी। चोट से जूझ रहे श्रीलंका के स्टार स्पिनर रंगना हेराथ बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी में होने वाले विश्वकप क्वार्टरफाइनल में अपनी टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
टीम के मुख्य चयनकर्ता सनथ जयसूर्या ने इस बात की जानकारी देते हुए सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि हेराथ अपनी चोट से उबर रहे हैं और पूरी उम्मीद है कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में टीम में वापसी करेंगे। लेकिन यह कल और आज होने वाले अभ्यास सत्र पर निर्भर करता है। यदि वह फिट रहे तो जाहिर तौर पर उन्हें टीम में मौका दिया जाएगा।
36 वर्षीय हेराथ को गत 1 मार्च को वेलिंगटन में इंग्लैंड के खिलाफ हुए ग्रुप मैच के दौरान हाथ में चोट लग गई थी जिसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ विश्वकप ग्रुप मैच में नहीं खेल पाए थे हालांकि उनकी उंगलियों में लगे टांके हटा दिए गए हैं और उम्मीद है कि वह क्वार्टरफाइनल मैच से पहले दोनों दिन अभ्यास करेंगे।
श्रीलंकाई टीम अपने खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज भी पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं और बुधवार को टीम का नेतृत्व करेंगे। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 16 Mar 2015 (15:17 IST)
Updated Date: Mon, 16 Mar 2015 (15:22 IST)