Publish Date: Mon, 09 Mar 2015 (19:04 IST)
Updated Date: Mon, 09 Mar 2015 (19:27 IST)
विश्व कप 2015 में दक्षिण अफ्रीका टीम काग़ज़ पर बेहद मज़बूत टीम है और उसमें ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो दुनिया की किसी भी टीम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। मौजूदा विश्व कप में लगातार दो बार 400 रन बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम अपने ग्रुप में पाकिस्तान टीम से हार गई।
दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के मुकाबले में कोई भी पाकिस्तान की जीत के बारे में नहीं सोच रहा था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका यह मैच 29 रनों के अंतर से हार गई।
विश्व कप 2015 की प्रबल दावेदार मानी जा रही टीम दक्षिण अफ्रीका को पाकिस्तान से मिली हार के बाद एक बड़ा झटका लगा है। यहां से भले ही दक्षिण अफ्रीका क्वार्टरफाइनल में पहुंच जाए, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का लचर प्रदर्शन विश्व कप के अगले मैचों में उन्हें भारी पड़ सकता है।
विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ इसी टीम ने 411 रन बनाए थे और यही टीम पाकिस्तान के खिलाफ 232 रनों के लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई। दक्षिण अफ्रीका के अनिरंतर प्रदर्शन से एक बात तो साफ हो गई है कि दक्षिण अफ्रीका का चोकर्स टैग कही ना कहीं फिर आड़े आ रहा है।
कागज पर मजबूत दिखने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम इस विश्व कप में पाकिस्तान के साथ हार के बाद क्वार्टरफाइनल में विपक्षी टीमों पर शायद अब वो मनोवैज्ञानिक दबाव ना बना पाए जिसकी अपेक्षा की जा रही थी। दक्षिण अफ्रीका का मध्यक्रम जिस प्रकार से पाकिस्तान और भारत के खिलाफ बिखरता नजर आया, इससे कहीं ना कहीं टीम की दबाव में बिखर जाने की कमजोरी साफ दिखाई देती है।
भारत के खिलाफ भी दक्षिण अफ्रीका यूं ही बिखर गई थी। पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में डीविलियर्स ही अंत तक पाकिस्तानी गेंदबाजों का मुकाबला करते नजर आए। लेकिन, दुर्भाग्य से कोई भी बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा सका। अमला, डुप्लेसिस, रूसो,मिलर समेत सभी बल्लेबाज फेल होते दिखे। दक्षिण अफ्रीका के लचर प्रदर्शन से उनके विश्व कप 2015 की दावेदारी पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है।