Publish Date: Sat, 14 Mar 2015 (20:12 IST)
Updated Date: Sat, 14 Mar 2015 (22:17 IST)
ऑकलैंड। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को विश्व कप के न्यूजीलैंड चरण में अपनी यात्रा के कार्यक्रम पर असंतोष जताते हुए कहा कि इससे खिलाड़ी प्रभावित हुए हैं और समय क्षेत्र में परिवर्तन और प्रतिकूल समय में यात्रा के कारण खिलाड़ी थक गए हैं।
भारतीय टीम सात मार्च को पर्थ से मेलबर्न के लिए रवाना हुई और न्यूजीलैंड समय के अनुसार आधी रात को मेलबर्न से ऑकलैंड पहुंची। ऑकलैंड आने के बाद टीम ने बस से डेढ़ घंटे की हैमिल्टन की यात्रा की।
ऑकलैंड से हैमिल्टन के बीच 25 मिनट की उड़ान है लेकिन इस रूट पर बड़े विमान उड़ान नहीं भरते। यहां सिर्फ 10 सीट वाले छोटे विमान चलते हैं जो भारतीय दल के 33 सदस्यों (15 खिलाड़ी और 18 सहायक स्टाफ) के लिए पर्याप्त नहीं थे।
पर्थ का समय मेलबर्न से साढ़े चार घंटे पीछे है जबकि ऑकलैंड का समय मेलबर्न से ढाई घंटे आगे है। लगातार यात्रा और समय में परिवर्तन से शरीर पर असर पड़ता है और भारतीय खिलाड़ियों के साथ भी ऐसा ही हुआ। (भाषा)