Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

श्रद्धा वालकर, उमेश कोल्हे हत्याकांड ने 2022 में महाराष्ट्र को झकझोरकर रख दिया

हमें फॉलो करें श्रद्धा वालकर, उमेश कोल्हे हत्याकांड ने 2022 में महाराष्ट्र को झकझोरकर रख दिया
, बुधवार, 28 दिसंबर 2022 (17:05 IST)
मुंबई। दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड और जून में अमरावती में फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे की जघन्य हत्या ऐसी दो घटनाएं हैं, जिन्होंने 2022 में न केवल महाराष्ट्र को, बल्कि पूरे देश को झकझोरकर रख दिया।

इसके अलावा इस साल सितंबर में पालघर जिले में एक सड़क दुर्घटना में उद्योगपति साइरस मिस्त्री की मौत ने सड़क सुरक्षा के मुद्दे को एक बार फिर से सामने ला दिया है। इस घटना के मद्देनजर केंद्र सरकार ने सीट बेल्ट के उपयोग से संबंधित कुछ निर्णयों की घोषणा की है।

श्रद्धा वालकर की उसके लिव-इन साथी आफताब पूनावाला ने दिल्ली में हत्या कर दी थी। इस वर्ष के दौरान, पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में कई प्राथमिकी भी दर्ज की गई थीं।

इसके अलावा 'बुल्ली बाई' ऐप का मामला भी सामने आया जिसमें मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी के लिए उनके नामों की एक सूची भी जारी की गई थी।

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला तथा हनुमान चालीसा विवाद को लेकर निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा की गिरफ्तारी जैसी घटनाओं ने भी महाराष्ट्र तथा पूरे देश में सुर्खियां बटोरीं।

राज्य में इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई और नेताओं के कथित फोन टैपिंग के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की वरिष्ठ अधिकारी रश्मि शुक्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

मई और जून में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए ठाणे और मुंबई जैसे शहरों सहित अन्य जगहों पर नूपुर शर्मा के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक टेलीविजन चैनल पर बहस के दौरान की गई नुपूर शर्मा की टिप्पणी ने पूरे देश में विवाद पैदा किया और कई खाड़ी देशों ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।

नुपूर शर्मा के समर्थन में एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण अमरावती के फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। 21 जून को मुस्लिमों के एक समूह ने उनकी कथित तौर पर हत्या कर दी थी। बाद में इस मामले की जांच अपने हाथ में लेने वाले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया था।

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री और उनके दोस्त जहांगीर पंडोले की पालघर जिले में चार सितंबर को एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी, जब वे गुजरात से मुंबई लौट रहे थे।

स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले मर्सिडीज-बेंज कार चला रही थीं। वह अपने पति डेरियस पंडोले के साथ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती डॉ. अनाहिता को हाल ही में 108 दिनों के इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। उनके पति को अक्टूबर में अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

दुर्घटना के समय पिछली सीट पर बैठे साइरस मिस्त्री ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। नवंबर से मुंबई पुलिस ने कार चालकों के साथ-साथ यात्रियों के लिए भी सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया। पालघर पुलिस ने डॉक्टर अनाहिता के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।

इसके बाद नवंबर में श्रद्धा वालकर की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया था। श्रद्धा के लिव-इन साथी आफताब पूनावाला ने श्रद्धा का गला घोंट कर कथित तौर पर हत्या करने के बाद उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए थे, जिन्हें उसने कई दिनों तक शहरभर में फेंकने से पहले लगभग तीन सप्ताह तक फ्रिज में रखा था। वर्ष 2022 में हुईं इन सभी घटनाओं ने राज्य के लोगों को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया था।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

COVID-19 : अगले 40 दिन अग्निपरीक्षा, जनवरी में तेजी से बढ़ सकते हैं कोरोनावायरस के मामले, देश में मौजूद हैं 10 वैरिएंट