यह कॉलम विशेष रूप से युवाओं के लिए है और युवा तो ग्लैमर के दीवाने होते ही हैं। ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी हर खबर भी उन्हें पता होती है। सो हमने इस बार का प्रश्न ग्लैमर की दुनिया से ही पूछा। जैसे कि हमने उम्मीद की थी ग्लैमर के मामले में हर युवा की बत्ती फुल वाल्टेज के साथ जल रही थी। जरा इस बार का हाल पढ़िए और देखिए इन युवाओं का ग्लैमर ज्ञान।
प्रश्न - मिस वर्ल्ड 2011 का ताज किसे मिला है?
ऑप्शन : इवियन सारकोस, अमान्डा विक्टोरिया, कनिष्ठा धनखड़, ग्वेन्डोलिन गाएले
अनिंद्य जोशी आपको पता है इस बार मिस वर्ल्ड का खिताब किसे मिला है? नहीं ऐसे तो नहीं पता, आप ऑप्शन्स दें तो शायद कुछ ध्यान आ जाए। आखिरकार इन्होंने कहा वह फर्स्ट वाला। इवियन सारकोस? हॉं यह नाम थोड़ा सुना-सुना सा लग रहा है। बाकी अभी यूथ फेस्टीवल की तैयारियों में पेपर नहीं पढ़ पा रहा हूँ। कोई बात नहीं आपकी बत्ती जल गई।
अर्शिता सिंह पहले तो हमारा प्रश्न सुनकर ही दूर जानें लगी पर जब इन्हें ऑप्शन्स के बारे में बताया तो ये बत्तीगुल का हिस्सा बनने के लिए राजी हो गई। तो अर्शिता कौन बनी है मिस वर्ल्ड? अमान्डा है शायद? (क्यों भला?) नहीं..नहीं.. इवियन सारकोस बनी है इस बार की मिस वर्ल्ड। कल-परसों ही हम दोस्तों में इसकी बात हो रही थी और मैं भूल गई। पक्का इवियन है सही जवाब। आपकी बत्तीगुल होने से बच गई।
कीर्ति चौबे आप कहिए। ऑप्शन्स एक बार फिर बताइए। ऑप्शन सुनने के बाद इन्होंने भी इवियन सारकोस को ही चुना। कहीं सुना था मैंने यह नाम। बाकी नाम सुनने में नहीं आए और भारत की लड़की नहीं बनी है मिस वर्ल्ड यह तो पक्का है। इसलिए इवियन लुनासोल ही होगी। आपकी बत्ती भी जल गई।
अब हमें मिले राहुल तिवारी। राहुल आप बताएँ इसका जवाब। इवियन लुनासोल है इसका सही जवाब। (ओ हो बड़ी जल्दी जवाब दे दिया आपने) हॉं मैंने अखबार में पढ़ा था कि इस बार मिस वर्ल्ड का खिताब वेनेजुएला कि इवियन सारकोस को मिला है। (अच्छा आप रोज अखबार पढ़ते हैं?) नहीं रोज तो नहीं पढ़ पाता पर कोशिश करता हूँ। चलो बधाई हो आपकी बत्ती भी जल गई है।
तभी सामने से में दो युवतियाँ आती दिखाई दीं। ये दोनों बड़े उत्साह से बत्तीगुल में भाग लेने के लिए तैयार हो गईं। शशिप्रभा कौन बनी है मिस वर्ल्ड 2011? पहला वाला जो ऑप्शन दिया वह है सही। अच्छे से ध्यान नहीं आ रहा पर पढ़ा था कही मैंने इस बारे में। (आपने देखी थी यह प्रतियोगिता?) नहीं मैं बाहर की हूँ इसलिए टीवी नहीं देख पाती हूँ । खबरों के लिए न्यूजपेपर पर ही निर्भर रहना पड़ता है। खबरों से जुड़ाव ने आपकी बत्तीगुल होने से बचा ली मोहतरमा।मिस वर्ल्ड 2011 का खिताब वेनेजुएला की इवियन सारकोस को मिला है। इस बारे में युवाओं की जानकारी की दाद देनी होगी।