बॉलीवुड में कमबैक की एक परंपरा रही है। रेखा, हेमामालिनी और डिम्पल कापड़िया से लेकर आयशा टाकिया तक यह परंपरा बदस्तूर जारी है। इसकी ताजा कड़ी में अमीषा पटेल का नाम शामिल किया जा सकता है।
हाल ही में अमीषा पटेल ने चतुर सिंह टू स्टार फिल्म से वापसी की है। यह निहायत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि बॉलीवुड में कई ऐसी अभिनेत्रियाँ हैं, जिन्होंने अपनी पहली फिल्म से धमाका किया और फिर अचानक गायब हो गईं। अमीषा पटेल की पहली फिल्म कहो ना प्यार है ब्लॉक बस्टर फिल्म थी। वे रितिक रोशन के साथ रातों-रात स्टार बन गईं। फिर सनी देओल के साथ उनकी फिल्म गदर एक प्रेम कथा भी जबरदस्त हिट रही। इन दोनों ही फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।
गदर के लिए तो उन्हें फिल्म फेयर स्पेशन परफॉर्मेंस अवॉर्ड से सम्मानित भी किया गया, लेकिन दुर्भाग्य से इसके बाद उनकी कोई ऐसी फिल्म नहीं आई, जिससे वे बतौर एक अभिनेत्री साबित कर सकें। अनकही में जरूर उनके अभिनय की तारीफ की गई, लेकिन भूल-भुलैया, क्या यही प्यार है, आप मुझे अच्छे लगने लगे, हमको तुमसे प्यार है जैसी उनकी कई फिल्में लगातार फ्लॉप होने लगीं। मंगल पांडे में उनका रोल छोटा था, लेकिन उसका नोटिस नहीं लिया गया। इसी तरह हनीमून ट्रैवल्स प्रालि में उनके रोल का नोटिस नहीं लिया गया।
वे अपनी फिल्मों से ज्यादा विक्रम भट्ट से अपने रिश्तों को लेकर खासी सुर्खियों में रहीं। मीडिया में लगातार उनके रिश्तों को लेकर खबरें छपती रहीं। इसके बाद आर्थिक मामलों को लेकर अमीषा का उनके पेरेंट्स से विवाद सुर्खियों में रहा। बाद में ब्रेकअप भी हुआ। अमीषा ने अपने माता-पिता पर आरोप लगाया कि वे उनके अकाउंट्स का गलत ढंग से संचालन कर रहे हैं। अब वे चतुर सिंह से वापसी कर चुकी हैं। देखना है अपनी इस नई पारी में वे कितना टिक पाती हैं।