Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

छत्तीसगढ़ में एक्शन में भाजपा, 87 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी परिवर्तन यात्रा

हमें फॉलो करें bjp parivartan yatra in chhatisgarh
, मंगलवार, 12 सितम्बर 2023 (09:41 IST)
Chhatisgarh bjp news : छत्तीसगढ़ में भाजपा मंगलवार से 'परिवर्तन यात्रा' की शुरुआत कर रही है। यह यात्रा 87 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और इस दौरान पार्टी राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के भ्रष्टाचार को तथा केंद्र की जन कल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने रखेगी।
 
भाजपा नेताओं ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर बाद दंतेवाड़ा (दक्षिण छत्तीसगढ़) में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। बाद में शाह वहां एक सभा करेंगे। दूसरी 'परिवर्तन यात्रा' को 15 सितंबर को जशपुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे।
 
भाजपा की राज्य इकाई के प्रभारी ओम माथुर और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में यात्रा के लिए लाए गए वाहनों की पूजा की।
 
बस में क्या है खास : इस बस का इस्तेमाल 2018 में विकास यात्रा में किया गया था। बस में सीसीटीवी कैमरे, एलईडी स्क्रीन, यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं हैं। भगवा रंग में रंगी बस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता नारायण चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे और लता उसेंडी की तस्वीरें हैं।
 
क्या है कार्यक्रम : पहली यात्रा 16 दिन में बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभागों में 1,728 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जबकि दूसरी यात्रा 13 दिन में बिलासपुर और सरगुजा संभागों में 1,261 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। दोनों यात्राओं के दौरान 84 सार्वजनिक सभाएं, 85 स्वागत सभाएं और सात रोड शो होंगे। यात्रा 87 विधानसभा क्षेत्रों (कुल 90 में से) में 2,989 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बिलासपुर में समाप्त होंगी।
 
उल्लेखनीय है कि भाजपा 15 वर्ष तक सत्ता में रहने के बाद 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से हार गई थी। कांग्रेस को 68 सीट पर तथा भाजपा को 15 सीट पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग ने फिलहाल राज्य में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है। भाजपा ने पिछले महीने 21 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
Edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मोदी के मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बोले, सनातन के खिलाफ बोलने वाले की आंखें निकाले लेंगे