Publish Date: Sat, 23 Nov 2024 (10:52 IST)
Updated Date: Sat, 23 Nov 2024 (11:10 IST)
What is Grey Divorse: ऑस्कर विजेता संगीतकार ए आर रहमान और उनकी पत्नी सायरा बानो ने शादी के करीब 30 साल बाद अलग होने की घोषणा की है। 57 साल के ए आर रहमान और 50 साल की सायरा बानो ने ग्रे तलाक ले अपने रिश्ते को खत्म किया है। दोनों की शादी साल 1995 में हुई थी और अब उनके तीन बच्चे हैं – खतीजा, रहीमा और अमीन।
कुछ समय पहले अभिषेक बच्चन ने एक पोस्ट लाइक की, जो ग्रे डिवोर्स से संबंधित थी। और अब हाल ही में रहमान और उनकी पत्नी के ग्रे डिवोर्स की घोषणा के बाद ये शब्द फिर से चर्चा में आ गया है। क्या आप जानते हैं कि ग्रे डिवोर्स का क्या मतलब होता है? आइये जानिए आज के इस आलेख में।
क्या होता है ग्रे डिवोर्स?
ग्रे डिवोर्स को सिल्वर स्प्लिट और डायमंड तलाक भी कहा जाता है। दरअसल जब 50 साल या उससे ज्यादा उम्र के कपल द्वारा अपनी लंबे समय से चली आ रही शादीशुदा जिंदगी के बाद अचानक से तलाक लेते हैं तो उसे ग्रे डिवोर्स कहा जाता है। यह शब्द बीते कुछ साल से ही लोकप्रिय हुआ है। हालांकि, अब 15-20 साल की शादी के बाद अचानक रिश्ता टूटने के मामलों को भी ग्रे डिवोर्स कहा जाने लगता है।
कई सेलिब्रिटी ने लिया ग्रे डिवोर्स
ऐसे कई सेलिब्रिटी हैं, जिन्होंने ग्रे डिवोर्स लिया है। इनमें हॉलीवुड के कई नामी कपल शुमार हैं। बॉलीवुड में अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के तलाक को भी ग्रे डिवोर्स कहा जाता है, क्योंकि दोनों की शादी 19 साल के बाद टूटी थी। इसके अलावा किरण राव और आमिर खान, फरहान अख्तर और अधुना अख्तर, अर्जुन रामपाल और मेहर जेसिया की शादी को भी इस कैटिगरी में रखा जाता है। आमिर का तलाक 15 साल, फरहान का तलाक 16 साल और अर्जुन रामपाल का तलाक 21 साल बाद हुआ था। ग्रे डिवोर्स के मामले पश्चिमी देश के लोगों के बीच सबसे ज्यादा आम चुके हैं।
ग्रे डिवोर्स लेने का कारण
ग्रे डिवोर्स अक्सर तब होता है, जब दोनों कपल की सोच बदल जाती है या फिर बच्चे बड़े होकर घर से दूर चले जाते हैं और माता पिता घर पर अकेले समय बिताते हैं, जिससे उनके बीच में कई बार लड़ाई झगड़े और तनाव पैदा होने लगता है।
पैसों की तंगी और शादी में पहले से ही कोई समस्या भी ग्रे डिवोर्स का कारण हो सकती है। कई बार रिटायरमेंट के बाद पति पत्नी 24 घंटे एक ही छत के नीचे समय बिताते हैं, जिससे भी उनके बीच भावनाओं और रुचियों का मेल नहीं बैठ पाता है। इन कारणों की वजह से भी लोग ग्रे डिवोर्स लेते हैं।
सलाहकार की मदद जरूर लें
वैसे ग्रे डिवोर्स लेना काफी मुश्किलों से भरा होता है। क्योंकि शादी के बाद इतना समय साथ बिताना, सुख-दुख, खुशियों को बांटना, इन सभी चीजों को भूलना काफी मुश्किल होता है। इसलिए अगर आप भी ग्रे डिवोर्स लेने की सोच रहे हैं, तो अपना डिसीजन सोच समझ कर लें और किसी सलाहकार की मदद जरूर लें।