Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
धनु-व्यक्तित्व
इस राशि के व्यक्ति संपूर्ण संसार को प्रेममय देखते हैं। इनकी इच्छा विशिष्ट बनने की रहती है। अपनी इच्छित वस्तु की प्राप्ति के लिए इस राशि वाले सभी से संघर्ष कर सकते हैं। ये समस्याग्रस्त लोगों की ओर अधिक आकर्षित होते हैं, परन्तु इनमें समस्या को सरल बना पाने की क्षमता नहीं होती। साथ ही इनका चुनाव बुद्धिमतापूर्ण नहीं होता, अतः इन्हें सतर्कता एवं सावधानी से काम लेना चाहिए। किसी भी मान्यता को स्वीकार करने से पूर्व ये उस पर पर्याप्त सोच-विचार भी करते हैं। पर मूलतः सत्यान्वेषी होते हैं। ये धार्मिक होते हुए भी परंपरागत धार्मिक रीतियों का पालन कभी नहीं करते। ये एक से दूसरी मान्यताओं, विश्वासों तथा दर्शनों के बीच संचार करते रहते हैं। ये लोग सदैव ऊंचाई की ओर पहुंचने को प्रयत्नशील रहते हैं। इनकी सहज बोध शक्ति असाधारण होती है। स्वभाव से कूटनीतिज्ञ नहीं होते परन्तु स्पष्ट वक्ता होने के कारण अनजाने में ही दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते रहते हैं। ये लोग बड़े बातूनी होते हैं तथा शगुन-मुहूर्त आदि का भी ध्यान रखते हैं। ये कभी-कभी असाधारण संकटों को भी स्वीकार कर लेते हैं। इनकी अंतःप्रेरणा इन्हें स्वतः ही उचित मार्ग की ओर ले जाती है। इस राशि के लोग संकुचित वृत्ति के नहीं होते। वे एक मान्य जीवन दर्शन की खोज में लगे रहते हैं। ये लोग वस्तुओं के सुधार के लिए उत्सुक रहते हैं, परन्तु तर्कसंगत व्यवहार अपनाना ही इनके लिए लाभदायक रहता है। इनका शरीर स्वस्थ तथा शक्तिशाली होता है। इस राशि के लोग अपनी भूल पर पश्चाताप प्रकट करने में भी अपना असम्मान समझते हैं। इन्हें संगीत से रुचि होती है। इनमें भ्रमण करना प्रिय होता है। इस राशि वाले धुन के पक्के, दृढ़ विचार वाले, साहसी, जोशीला तथा स्पष्टवादी होते हैं। इनकी मस्तिष्क शक्ति बड़ी तीव्र होती है। कानून-प्रतिष्ठा तथा न्याय का आदर करते हैं। इनका आकर्षक व्यवहार उन्हें सब कुछ प्राप्त करा सकता है। वह विचारशील धैर्यवान होते हैं। दूसरों के विचारों को चुपचाप सुनते हैं, पर उनकी आलोचना नहीं करते हैं। दूसरों पर पूर्ण विश्वास प्रदर्शन करते हैं, अतः दूसरे लोग भी इन पर पूर्ण विश्वास करते हैं। धनु राशि के लोग दूसरों की भावनाओं का ध्यान रखने वाले तथा दूसरों की सहायता के लिए प्रस्तुत रहने वाले होते हैं। इस राशि का संबंध कूल्हों तथा जांघों से है। इस राशि वालों का स्वास्थ्य सामान्यतः अच्छा होता है। खानपान की गड़बड़ी के कारण ही उन्हें वात विकार सता सकते हैं। ये लोग खोजी प्रवृत्ति के होते हैं और यह प्रवृत्ति बनाए रखनी चाहिए। धनु राशि वालों की सबसे बड़ी कमजोरी भविष्य के लक्ष्य को भूतकाल की स्मृतियों में परिवर्तित कर लेना है। उनकी सबसे बड़ी शक्ति अनुभव से सीखना है। धनु राशि वालों का व्यक्तित्व स्पष्ट, भावुकता, बेचैनी तथा बौद्धिक उत्सुकता से परिपूर्ण होता है। वह ठोस कार्यों के इच्छुक रहते हैं।

राशि फलादेश