Publish Date: Thu, 18 Jan 2024 (07:52 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jan 2024 (08:21 IST)
Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का आज तीसरा और महत्वपूर्ण दिन है। आज रामलला की मूर्ति विधि विधान के साथ गर्भगृह में विराजमान होगी।
अनुष्ठान के तीसरे दिन दोपहर करीब डेढ़ बजे प्राण प्रतिष्ठा संकल्प लिया जाएगा। उसके बाद गणेशाम्बिकापूजन, वरुणपूजन, चतुर्वेदोक्त पुण्याहवाचन, मातृकापूजन, वसोर्धारापूजन, आयुष्यमन्त्रजप, नान्दीश्राद्ध, आचार्यादिचऋत्विग्वरण, मधुपर्कपूजन, मण्डपप्रवेश होगा।
इसके बाद पृथ्वी- कूर्म- अनन्त- वराह-यज्ञभूमि-पूजन, दिग्ररक्षण, पञ्चगव्य – प्रोक्षण, मण्डपाङ्ग वास्तुपूजन, वास्तु बलिदान, मण्डप सूत्रवेष्टन, दुग्ध- धारा, जलधाराकरण, षोडशस्तम्भपूजनादि मंडपपूजा (तोरण, द्वार, ध्वज, आयुध, पताका, दिक्पाल, द्वारपालादिपूजा), मूर्ति का जलाधि वास, गंधादिवास, सायंकालिक पूजन एवं आरती होगी।
2 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होनी है। इसके लिए अयोध्या में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इसके लिए वे कठिन तप कर रहे हैं।
अयोध्या स्थित राम मंदिर में 22 जनवरी के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले किए जा रहे अनुष्ठानों के तहत दूसरे दिन बुधवार को सरयू नदी के तट पर कलश पूजन किया गया। इसके बाद ट्रक से भगवान राम की मूर्ति को अयोध्या राम मंदिर परिसर में लाया गया। इस दौरान रामभक्तों ने जय श्री राम के नारे लगाए।
16 जनवरी से शुरु हुए अनुष्ठानों का सिलसिला 22 जनवरी तक जारी रहेगा। 11 पुजारी सभी देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए अनुष्ठान कर रहे हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें