Ramcharitmanas

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मी​राबाई चानू ने जीता बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड

Advertiesment
हमें फॉलो करें Meera Bai Chanu

BBC Hindi

, मंगलवार, 29 मार्च 2022 (09:29 IST)
भारतीय वेटलिफ़्टर साईखोम मीराबाई चानू को 'बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर (ISWOTY)' के तीसरे संस्करण का विजेता घोषित किया गया है। मीराबाई चनू ने 2021 में तब इतिहास रच दिया था जब वे टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली वेटलिफ़्टर बनीं थीं।
 
अवॉर्ड जीतने के बाद मीराबाई चनू ने बीबीसी का शुक्रिया अदा किया और कहा, "मैं फ़िलहाल अमेरिका में प्रशिक्षण ले रही हूं। इस साल होने वाले एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के लिए मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी। एक बार फिर मैं बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड से नवाज़ने के लिए बीबीसी इंडिया को धन्यवाद देती हूं।"
 
नई दिल्ली में इस पुरस्कार समारोह की मेज़बानी कर रहे बीबीसी महानिदेशक टिम डेवी ने कहा, "मीराबाई चनू को बहुत बहुत बधाई। वे शानदार खिलाड़ी हैं और इस पुरस्कार की उचित विजेता हैं। बीबीसी के सौ साल पूरे होने के वर्ष में यहां नई दिल्ली में होना और इस मौक़े पर इतनी प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी को सम्मानित करना, जिन्होंने इस चुनौतीपूर्ण हालात में इतना कुछ हासिल किया, बहुत शानदार है।"
 
इस बार का 'बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर' अवॉर्ड क्रिकेटर शफ़ाली वर्मा को दिया जा रहा है। 2019 में वे अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वालीं सबसे कम उम्र की क्रिकेटर बनीं।
 
उन्होंने इस पुरस्कार के लिए बीबीसी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, "मैं टीम के लिए अगले 20 या 25 सालों तक खेलते रहने की उम्मीद करती हूं। मेरा लक्ष्य भारतीय टीम को अधिक से अधिक जीत दिलाने का होगी।"
 
2000 सिडनी ओलंपिक में भारत के लिए मेडल जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी और वेटलिफ़्टर होने का गौरव हासिल करने वालीं कर्णम मल्लेश्वरी को 'बीबीसी लाइफ़टाइम अचीवमेंट' अवॉर्ड दिया गया।
 
अपनी ख़ुशी का इज़हार करते हुए उन्होंने कहा, "जितने भी पदक मैंने जीते हैं, उसके बाद इस अवॉर्ड को पाना मुझे और अधिक कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा देता है। मैं बीबीसी का शुक्रिया अदा करती हूं कि वो न केवल मौजूदा खिलाड़ियों को बल्कि हम जैसे खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर रहा है।"
 
BBC ISWOTY के इस संस्करण में टोक्यो खेलों के ओलंपिक और पैरालिंपिक खिलाड़ियों और महिला-पुरुष हॉकी टीमों का भी सम्मान किया गया है।
 
महिला और पुरुष हॉकी टीम को स्पॉन्सर करने वाले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष डॉ। नरिंदर बत्रा ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
 
इस पुरस्कार समारोह में खेल, मीडिया, संस्कृति और राजनीतिक दुनिया की कई जानी मानी हस्तियां भी शामिल हुईं।
 
लगा बधाइयों का तांता
खेल जगत की अन्य शख़्सियतों ने भी विजेताओं और BBC ISWOTY के लिए नामांकित होने वाली खिलाड़ियों को बधाई दी है।
 
टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने विजेताओं और नामांकित होने वाली खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "चाहे ओलंपिक हो या पैरालिंपिक, हमारी महिलाओं ने देश को हमेशा गर्व करने का मौक़ा दिया। मैं बीबीसी को इस पुरस्कार समारोह के आयोजन के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा।"
 
इंग्लैंड के क्रिकेटर जोस बटलर ने भी इस पुरस्कार के लिए नामांकित होने वाली खिलाड़ियों को बधाई भेजी है।
 
उन्होंने कहा, "मैंने क्रिकेट और अन्य खेलों में भारत की महिला खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा है। भारत में महिला क्रिकेट ने बहुत तरक़्क़ी की है और शेफ़ाली के पास अगली पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बनने का पूरा मौक़ा है। BBC ISWOTY अवार्ड महिला खिलाड़ियों को सम्मानित करने का बहुत बड़ा ज़रिया है।"
 
बीबीसी के 100 साल
बीबीसी 2022 में अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है। बीबीसी ने अपना पहला रेडियो स्टेशन 1922 में लॉन्च किया था। अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।
 
बीबीसी को इसकी अंतरराष्ट्रीय न्यूज़ सर्विस जिसमें बीबीसी वर्ल्ड सर्विस, बीबीसी वर्ल्ड न्यूज़ टेलीविज़न चैनल, bbc।com/news, बीबीसी स्टूडियोज़ और द इंटरनेशनल चैरिटी बीबीसी मीडिया ऐक्शन के ज़रिए हर हफ़्ते पूरी दुनिया से 48।9 करोड़ ऑडियंस पढ़ते, देखते और सुनते हैं।
 
बीबीसी वर्ल्ड सर्विस पूरी दुनिया में अंग्रेज़ी सहित 41 अन्य भाषाओं में रेडियो, टीवी और डिजिटल माध्यमों से समाचार सामग्रियों का वितरण करता है। भारत में, बीबीसी न्यूज़ हर हफ़्ते 6।5 करोड़ लोगों तक पहुंचता है। बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की पहुंच पूरी दुनिया के कुल 36।4 करोड़ लोगों तक है।

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रूस के बिना अटक जाएंगे पश्चिमी देशों के वैज्ञानिक कार्यक्रम