Publish Date: Sat, 27 May 2017 (11:45 IST)
Updated Date: Sat, 27 May 2017 (11:49 IST)
वियतनाम में लोग सूअर के ताज़ा ख़ून को स्वादिष्ट भोजन के रूप में देखते हैं। दिमाग़ी बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए वैज्ञानिकों ने इसे खाने को लेकर चेतावनी दी है।
सूअर की आंत और उसके ताज़ा ख़ून को मिलाकर वियतनाम में एक डिश बनाई जाती है। आंत को पहले उबाला जाता है और उसमें सूअर का ताज़ा ख़ून डाला जाता है। इसे फिर ठंडा किया जाता है। इसे जेली की तरह तैयार किया जाता है और स्टार्टर के परोसा जाता है।
यह डिश वियतनाम में काफ़ी लोकप्रिय है। सूअर में जो जीवाणु पाए जाते हैं उनकी मौजूदगी ख़ून में भी रहने की आशंका होती है। इन जीवाणुओं से दिमाग़ी बुखार होता है।
वियतनाम में हर साल इस बीमारी के सैकड़ों मामले पाए जाते हैं। इनमें से 10 फ़ीसदी मरीज़ों की मौत हो जाती है। वियतनाम में सूअर के कच्चे उत्पादों के कारण वहां दिमाग़ी बुखार का होना आम हो गया है।
डॉक्टर न्ग्यूयेन वान कुओंग का कहना है कि वियतनाम में सूअर के ताज़ा ख़ून को खाना वहां की परंपरा का हिस्सा है। यहां लोगों की खाने की आदत में यह काफ़ी प्रचलन में है। यहां लोग इसे लगभग हर दिन खाते हैं। हाल में हुए एक अध्ययन के मुताबिक वियतनाम के ग्रामीण इलाक़ों में तीन में से एक शख़्स और शहरों में 10 में से एक व्यक्ति सूअर के ताज़ा ख़ून की डिश खाता है।
हो ची मिन्ह सिटी में ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर स्टीफन बेकर ने कहा वियतनाम के लिए यह बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि इसे जागरूकता के माध्यम से ख़त्म किया जा सकता है। आम लोगों को ये बताया जाना चाहिए कि यह उनकी सेहत के लिए ख़तरनाक है। हालांकि वहां की सांस्कृतिक वजहों से यह आसान नहीं है।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग लगातार इस बात को रेखांकित करते रहे हैं कि सूअर का ताज़ा ख़ून सुरक्षित नहीं है और इससे बचने की ज़रूरत है।