Publish Date: Tue, 10 Nov 2020 (22:45 IST)
Updated Date: Tue, 10 Nov 2020 (22:49 IST)
जमुई। बिहार के जमुई जिले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और निर्दलीय उम्मीदवार की जीत से महागठबंधन शून्य पर आउट हो गई है। जमुई सीट पर पहली बार चुनावी रण में निशाना साधने उतरीं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री एवं अंतरराष्ट्रीय शूटर भाजपा की श्रेयसी सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव के भाई और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रत्याशी विजय प्रकाश यादव को 41049 के अंतर से पराजित किया। भाजपा ने यह सीट राजद से छीनी।
चकाई सीट से निर्दलीय उम्मीदवार और पूर्व कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह के पुत्र सुमित कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी राजद प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक सावित्री देवी को बेहद ही कड़े मुकाबले में 581 मतों के अंतर से हराया। निर्दलीय प्रत्याशी सुमित कुमार सिंह ने यह सीट राजद से छीनी।
झाझा सीट से जदयू के दामोदर रावत ने राजद के राजेन्द्र प्रसाद को 1679 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। इस सीट पर वर्ष 2015 में भाजपा ने जीत हासिल की थी।
सिकंदरा (सु) सीट से राजग के घटक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रफुल्ल कुमार मांझी ने कांग्रेस कांगेस प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक सुधीर कुमार सिंह उर्फ बंटी को 5505 मतों के अंतर से परास्त कर दिया। हम ने यह सीट कांग्रेस से छीनी।