Publish Date: Tue, 17 Mar 2026 (06:48 IST)
Updated Date: Mon, 16 Mar 2026 (17:54 IST)
रणवीर सिंह की बहुचर्चित फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। पहली फिल्म धुरंधर की रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद इसका दूसरा भाग महज साढ़े तीन महीने के अंतराल में रिलीज होने जा रहा है। बॉलीवुड में शायद ही किसी फिल्म के सीक्वल को लेकर इतनी जल्दी और इतनी बड़ी उम्मीदें देखने को मिली हों। फिल्म रिलीज से पहले ही ट्रेड विशेषज्ञों का भरोसा इस कदर मजबूत है कि वे इसे संभावित सुपरहिट मानने लगे हैं।
पिछले चार महीनों में जिस तरह धुरंधर की चर्चा हर मंच पर हुई है, वैसी चर्चा किसी दूसरी फिल्म को शायद ही नसीब हुई हो। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना का दमदार अभिनय, फिल्म का प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक, जोरदार एक्शन सीन और कलाकारों की धमाकेदार एंट्रीण इन सभी ने दर्शकों के बीच इस फ्रेंचाइज़ी को एक अलग पहचान दे दी है। इसके साथ ही निर्देशक आदित्य धर की स्टाइलिश कहानी कहने की शैली भी इस फिल्म की बड़ी ताकत मानी जा रही है।
वहीं से शुरू होगी कहानी जहां खत्म हुई थी
धुरंधर 2 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी कहानी ठीक वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहला भाग खत्म हुआ था। यानी दर्शकों को इस बार उस अधूरी कहानी का अगला और ज्यादा रोमांचक हिस्सा देखने को मिलेगा। पहले भाग के अंत में रणवीर सिंह के किरदार का मिशन अधूरा रह गया था और अब दर्शकों को इंतजार है कि वह अपने मिशन को किस तरह अंजाम तक पहुंचाता है।
फिल्म के ट्रेलर और प्रोमो ने पहले ही यह संकेत दे दिया है कि इस बार कहानी का दायरा और भी बड़ा और खतरनाक होने वाला है।
एडवांस बुकिंग ने दिए सुपरहिट के संकेत
फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, लेकिन उससे पहले 18 मार्च की शाम से पेड प्रिव्यू शो शुरू हो जाएंगे। इन पेड प्रिव्यू की एडवांस बुकिंग जिस तेजी से हुई है, उसने ट्रेड पंडितों को चौंका दिया है। शुरुआती आंकड़ों को देखकर ही माना जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता की नई इबारत लिख सकती है।
अब चर्चा इस बात की हो रही है कि यह फिल्म कितने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। क्या यह एक दिन में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनेगी? क्या यह ओपनिंग वीकेंड पर नया इतिहास रचेगी?
दिलचस्प बात यह है कि धुरंधर पहले ही भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हो चुकी है, और अब उसका सीक्वल धुरंधर द रिवेंज उसी रिकॉर्ड को तोड़ने की तैयारी में दिखाई दे रहा है। 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी निशाने पर है।
मुश्किल समय के बावजूद फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज
इस समय देश में कई तरह की परिस्थितियां हैं। परीक्षाओं का मौसम है, आईपीएल शुरू होने वाला है, अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरें हैं, एलपीजी की कमी से लोग परेशान हैं और रमजान का महीना भी चल रहा है। आम तौर पर ऐसे समय में फिल्मों का क्रेज थोड़ा कम हो जाता है।
लेकिन धुरंधर 2: द रिवेंज के मामले में तस्वीर बिल्कुल अलग दिख रही है। दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर एक अलग ही लहर दिखाई दे रही है। सिनेमाघरों के बाहर बनने वाली यह लहर अब बॉक्स ऑफिस पर एक बड़े तूफान का रूप ले सकती है।
अगर शुरुआती संकेत सही साबित हुए, तो आने वाले दिनों में धुरंधर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस का नया अध्याय साबित हो सकती है।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें