Publish Date: Wed, 09 Mar 2022 (15:31 IST)
Updated Date: Wed, 09 Mar 2022 (15:37 IST)
भोजपुरी स्टार मोनालिसा अपने पति विक्रांत सिंह के साथ इन दिनों रियलिटी शो 'स्मार्ट जोड़ी' में नजर आ रही हैं। इस शो में 10 सेलिब्रिटी कपल्स हैं जो मजेदार टास्क के जरिये एक-दूसरे का मुकाबला कर रहे हैं। इस शो के जरिये उनकी आपसी सूझबूझ, तालमेल, बांडिंग आदि बातों को परखा जाएगा। पहले सप्ताह मोनालिसा और विक्रांत एक टास्क में विनर बने। इस खूबसूरत जोड़ी ने इस शो को लेकर बातें साझा की।
क्या आपको पहले से ही हासिल लोकप्रियता का लाभ इस शो में मिल रहा है?
मोनालिसा- मानती हूं कि लोकप्रियता का फायदा तो है। 2004 से मनोरंजन की दुनिया में हूं। कई भोजपुरी फिल्में की। नच बलिए और बिग बॉस जैसे अति लोकप्रिय रियलिटी शो किए। टीवी शो 'नज़र' भी खूब देखा गया। जनता का प्यार और सहयोग अभी भी मिल रहा है इसके लिए सभी प्रशंसकों को शुक्रिया कहना चाहूंगी।
इस शो में क्या रणनीति बनाई है?
मोनालिसा- इस शो में जितने भी प्रतियोगी हैं, सभी मजबूत हैं। चूंकि यह रियलिटी शो है इसलिए हम एकदम रियल हैं। ईमानदारी और वास्तविकता, ये दो मूल-मंत्र हैं इस शो के लिए। हम जैसे हैं वैसे पेश आ रहे हैं। हालांकि प्रतिद्वंद्विता जैसी कोई बात नहीं है। सभी गेम पर फोकस रहते हैं। मजेदार गेम हैं। जैसे पांच प्लेट आपके सामने रख दी जाती है और आपको बताना है कि आपके पति/जोड़ीदार ने कौन सी प्लेट से खाना खाया है। इस शो में हमारा संघर्ष भी बताया जाएगा। साथ ही हम एक-दूसरे को कितना जानते हैं, ये भी शो के जरिये सामने आएगा।
आप इस शो को किस तरह देखते हैं?
विक्रांत- मैं इसका आनंद उठा रहा हूं। शो में मौज-मस्ती ज्यादा है। यह बिग बॉस की तरह हार्डकोर रियलिटी शो नहीं है। मुझे मजा आ रहा है। पहले सप्ताह का विजेता बनने के बाद उत्साह बहुत बढ़ गया है। मैं नच बलिए रियलिटी शो का भी हिस्सा रहा हूं। मुझे इस शो का फॉर्मेट पसंद आया है क्योंकि यहां पर सब कुछ सामान्य और मजेदार है।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें