Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सलमान खान + ईद = ब्लॉकबस्टर मूवी, सफलता का फॉर्मूला

हमें फॉलो करें सलमान खान + ईद = ब्लॉकबस्टर मूवी, सफलता का फॉर्मूला

समय ताम्रकर

, गुरुवार, 20 अप्रैल 2023 (12:03 IST)
बॉलीवुड में फिल्मकार ऐसा फॉर्मूला ढूंढते रहते हैं जिससे उनकी फिल्म सफलता के नए कीर्तिमान बनाए। ऐसा एक फॉर्मूला हाथ लग ही गया है। यदि सलमान खान की फिल्म ईद पर रिलीज की जाए तो फिल्म का सफल होना निश्चित होता है। पिछले कुछ वर्षों से ये फॉर्मूला धूम से काम कर रहा है। सलमान की कमजोर फिल्मों ने भी ईद के मुबारक मौके पर रिलीज होकर सफलता हासिल की हैं। आइए नजर दौड़ाते हैं इस कामयाबी के फॉर्मूले पर। 
 
वांटेड (2009) 
बात 2009 की है। सलमान की फिल्में लगातार असफल हो रही थीं। माना जाने लगा था कि सलमान अब चूक गए हैं। इसी बीच वांटेड को ईद पर रिलीज किया गया। इस फिल्म से किसी को खास उम्मीद नहीं थी। प्रभुदेवा पहली बार हिंदी फिल्म बना रहे थे। सलमान का करियर डांवाडोल था। हीरोइन आयशा टाकिया की कोई स्टार वैल्यू नहीं थी। ईद ने मामला संभाल लिया। सलमान की यह फिल्म बेहद पसंद की गई। यही से सलमान को समझ आया कि ईद पर फिल्म रिलीज करनी चाहिए। 
 
दबंग (2010) 
दबंग के शुरू होने के पहले ही यह तय कर लिया गया कि इसे ईद पर रिलीज करेंगे। ईद को सलमान भाग्यशाली मानने लगे थे। दबंग ईद पर प्रदर्शित हुई और फिल्म ने ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की। 140 करोड़ रुपये के लगभग कलेक्शन हुए। इस फिल्म ने सलमान को सुपरस्टार की श्रेणी में ला खड़ा किया। अब सलमान को अपने फॉर्मूले पर पक्का यकीन हो गया। 
 
बॉडीगार्ड (2011) 
लगातार तीसरे वर्ष सलमान ईद पर अपनी फिल्म लेकर आए। 'बॉडीगार्ड' को ताबड़तोड़ बना कर ईद पर प्रदर्शित किया गया। फिल्म खास नहीं थी, बावजूद इसके यह ब्लॉकबस्टर साबित हुई। दबंग से भी आगे निकल गई। 148 करोड़ रुपये का कलेक्शन फिल्म ने किया। अब तो सलमान ने सोच लिया कि ईद पर उनकी ही फिल्म प्रदर्शित हो।

webdunia

 
एक था टाइगर (2012) 
ईद पर सलमान का एकाधिकार हो गया। लगातार चौथे वर्ष वे ईद पर अपनी फिल्म लेकर आए। दर्शक भी सलमान की फिल्मों का ईद पर इंतजार करने लगे। फिल्म के रूप में सलमान ईदी देते और दर्शक फिल्म पर अपना प्यार लुटाते। हर ईद पर उनकी रिलीज होने वाली फिल्म पिछली फिल्म के मुकाबले ज्यादा कामयाब होती। 'एक था टाइगर' 'बॉडीगार्ड' से आगे निकल गई। 198 करोड़ रुपये का कलेक्शन फिल्म ने किया।
 
किक (2014)
2013 की ईद सलमान मिस कर गए। कोई फिल्म तैयार ही नहीं हुई। मौका देख कर शाहरुख खान ने चौका लगा दिया। 2013 की ईद पर चेन्नई एक्सप्रेस रिलीज कर कामयाबी हासिल कर ली। 2014 में सलमान ने किसी को मौका नहीं दिया। 'किक' के जरिये वे आए और छा गए। 230 करोड़ रुपये से ज्यादा के कलेक्शन इस फिल्म ने किए। पहली बार सलमान दो सौ करोड़ क्लब में शामिल हुए।  
 
बजरंगी भाईजान (2015) 
2015 में सलमान 'बजरंगी भाईजान' के रूप में ईद पर आए और कमाल कर दिया। ऐतिहासिक सफलता उनकी फिल्म ने हासिल की। 320 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ यह फिल्म सलमान के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म हो गई। इसे सलमान के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्म में से एक माना गया।
 
सुल्तान (2016) 
2016 में ईद पर सलमान की 'सुल्तान' रिलीज हुई। सलमान ने पहलवान की भूमिका 'सुल्तान' में अदा की। इस फिल्म ने 301 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। सलमान एक बार फिर छा गए। 
 
ट्यूबलाइट (2017)  
लगातार 6 ईद पर ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद सलमान की 2017 में प्रदर्शित फिल्म ट्यूबलाइट असफल रही। इस फिल्म ने मात्र 121.25 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन किया। फैंस को भी यह फिल्म पसंद नहीं आई। सलमान को फिल्म से निर्माता के रूप में भरपूर फायदा हुआ था। उन्होंने वितरकों को उनको हुए घाटे की आधी भरपाई की।
 
रेस 3 (2018)
2018 की ईद पर सलमान खान की 'रेस 3' रिलीज हुई और 169 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन कर पाई। फिल्म ने सलमान के फैंस को भी निराश किया। हालांकि फिल्म के निर्माता ने फिल्म से कमाई की। 

webdunia

 
भारत (2019)
2019 की ईद पर भारत रिलीज हुई। सलमान खान की यह फिल्म उनकी पिछली फिल्मों के मुकाबले कलेक्शन के मामले में जरूर कमजोर रही, लेकिन फिल्म से सभी ने थोड़ी कमाई की। 
 
2020
2020 की ईद पर सलमान राधे रिलीज करने वाले थे, लेकिन कोरोना वायरस के कारण फिल्म की शूटिंग थोड़ी बाकी रह गई। सिनेमाघर भी बंद थे। ऐसे में सलमान फैंस मायूस रह गए। 
 
2021  
सलमान की फिल्म 'राधे' रिलीज के लिए तैयार थी, लेकिन सिनेमाघर कोरोना के कारण बंद थे। ऐसे में राधे को सीधे ओटीटी पर रिलीज कर दिया गया, लेकिन सलमान के फैंस को मजा नहीं आया। 
 
2022
सलमान खान की कोई फिल्म ईद पर रिलीज के लिए तैयार नहीं थी। कोविड के कारण शेड्यूल बिगड़ गया था। आखिरकार यह ईद बिना सलमान की फिल्म के गई। 
 
किसी का भाई किसी की जान (2023) 
कोविड के बाद जिंदगी फिर पटरी पर लौटी तो सलमान खान 'किसी का भाई किसी की जान' फिल्म लेकर ईद पर आ रहे हैं। इसमें कई कलाकार हैं और यह फैमिली ड्रामा प्लस एक्शन मूवी है जो सलमान के फैंस की पसंद के मुताबिक डिजाइन की गई है। उम्मीद है कि यह फिल्म सफल रहेगी। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रानी मुखर्जी के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, यश चोपड़ा की पत्नी पामेला का हुआ निधन