Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Valentine Day Special : बॉलीवुड की 'प्यार' डूबी खास जोड़ियां

हमें फॉलो करें Valentine Day Special : बॉलीवुड की 'प्यार' डूबी खास जोड़ियां

समय ताम्रकर

, बुधवार, 14 फ़रवरी 2024 (06:09 IST)
रोमांस हिन्दी सिनेमा का स्थाई भाव है। भारत में फिल्मों की शुरुआत से लेकर आज तक तमाम फिल्में प्रेम के इर्दगिर्द बनती आई हैं। दो लड़के, एक लड़की या फिर दो लड़की और एक लड़का पर सैकड़ों फिल्में बनी हैं। फिल्म का विषय कुछ भी हो, उसमें प्रेम जरूर दिखाया जाता है और प्रेमी-प्रेमिका गाना जरूर गाते हैं। ये प्यार के तराने बम्बई के चौपाटी से लेकर स्विट्ज़रलैंड की वादियों में गाए जाते हैं। दूरियाँ, नजदीकियों में बदलती है। आँखें चार होती हैं। दिलों की धड़कन आसपास के लोगों तक को सुनाई देने लगती है। और फिर दीवार की तरह तनकर सामने खड़े हो जाते है, एक अदद माँ-बाप, अमीरी-गरीबी, ऊँच-नीच, बड़ा-छोटा, धर्म-अधर्म तथा शहरी-ग्रामीण की बाधाएँ। ये कभी पार हो जाती हैं। कभी नहीं हो पातीं, तो नायक देवदास बनकर गम मिटाने के लिए शराब पीता है और चंद्रमुखी के आँचल में सिर छिपाता है। ऐसा नहीं हुआ, तो फिर दिलवाले दुल्हनियाँ ले जाते हैं। फिल्मों में काम करने वाले कलाकारों की प्रेम कहानियाँ भी फिल्मों से कम दिलचस्प नहीं है। वेलेंटाइन डे पर याद करते हैं उन कलाकारों की प्रेम कहानी, जो युवा प्रेमियों के सामने मिसाल है। 
 
हीमैन और ड्रीमगर्ल 
आज भी धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी साथ नजर आते हैं तो वातावरण रोमांटिक हो जाता है। ऐसा लगता है मौसम सुहाना हो गया, चारो ओर गुलाब‍ खिले हैं और वायलिन बज रहे हों। दोनों एक-दूसरे को देखते ही गुलाबी हो जाते हैं। इस उम्र में ऐसी मोहब्बत कम ही देखने को मिलती है। हीमैन और ड्रीमगर्ल की जोड़ी बॉलीवुड की खूबसूरत जोड़ियों में से एक है। 
 
सच हुए सपने : शाहरुख-गौरी
रोमांस के मामले में शाहरुख ने अपने पिता का अनुसरण किया है। उनके पिता ने भी प्रेम-विवाह किया था। शाहरुख ने करीब नौ साल तक गौरी का पीछा किया। दोनों स्कूली छात्र थे। शाहरुख बाहरवीं में और गौरी नौवीं में पढ़ती थीं। ‘बॉबी’ फिल्म के ऋषिकपूर और डिम्पल की तरह इनका रोमांस परवान चढ़ा। शुरू में दो परिवारों में खींचतान हुई बाद में शादी की शहनाइयाँ बजीं। आज शाहरुख और गौरी फिल्मी दुनिया के सबसे खुशकिस्मत दम्पत्ति माने जाते हैं। सुपर स्टार पति, निष्ठावान पत्नी, बेटा आर्यन, अवराम और बेटी सुहाना के साथ इससे अधिक भाग्यशाली परिवार भला और किसका हो सकता है।
 
परिणय-मंगल के सफल खिलाड़ी
अक्षय कुमार यह कहते फूले नहीं समाते कि 'ऐसी बीवी हर किसी को नहीं मिलती। उसे घर की साज-सज्जा में दिलचस्पी है और मैं सब कुछ उलट-पुलट कर देता हूँ। हमारे बीच एक-दूसरे को चाहने का मजबूत आधार है।' अक्षय की पत्नी ट्विंकल मशहूर सितारा जोड़ी राजेश खन्ना-डिम्पल की बेटी हैं। फिल्म ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ की शूटिंग के दौरान दोनों की नजरें चार हुईं और शादी हो गई। शादी के बाद ट्विंकल ने फिल्मों में काम नहीं करने का फैसला किया। अराव और नितारा अपने पापा की फिल्में देखकर तालियाँ बजाते हैं। अक्षय जब भी बच्चों के साथ समय बिताते हैं तो कहते हैं कि इससे अधिक खूबसूरत अनुभव दुनिया में दूसरा नहीं है।
 
अजय-काजोल के क्या कहने
परदे पर भले ही काजोल की केमिस्ट्री शाहरुख से मैच करती हो, पारिवारिक जिन्दगी में डार्क-हार्स अजय देवगन की वह मालकिन है। काजोल ने स्वयं स्वीकारा है कि अजय से शादी उन्होंने अपनी इच्छा से की है और आज अपने जीवन को खुशनसीब मानती हैं। शादी से पहले सफल सुपर सितारा रहीं काजोल अपना खाली समय अनाथ बच्चों के बीच बिताया करती थीं। शादी से पहले वे तमाम बच्चे दीदी कहकर पुकारते थे, अब वह उन सबकी लाड़ली भाभी हो गई है। हर विवाहित जोड़े की तरह अजय-काजोल को जीवन में कभी खुशी कभी गम चलता रहता है, मगर दोनों में गहरी समझदारी है। बेटी न्यासा के जन्म के बाद तो यह समझदारी और बढ़ी है। अजय-काजोल की शादी को शंका की नजरों से देखने वाले इतने बरसों बाद चकित हैं।
 
विश्व सुंदरी और अभिषेक
बच्चन परिवार के छोटे सरकार अभिषेक बच्चन की शादी को लेकर ज्योतिषियों ने पूरे एक साल तक अटकलों का बाजार गरमाए रखा। विश्व सुंदरी ऐश्वर्या के बारे में मीडिया ने हवा में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई। यहाँ तक कहा गया कि ऐश्वर्या की शादी केले के पेड़ से बाकायदा करवाई गई। इस तरह मंगल ग्रह के प्रभाव को कम किया गया। एक दिन बच्चन परिवार ने बाकायदा चुप्पी तोड़ी और दोनों की शादी धूमधाम से बारात निकाल कर दी। बारात में बहुत कम लोगों को आमंत्रित किया गया था। बाद में मिठाई कई कलाकारों के घर भिजवाई गई। कुछ ने मुँह मीठा किया। कुछ ने लौटा दी। आज ऐश्वर्या-अभिषेक सुखद जीवन जी रहे हैं। 
 
रणवीर-दीपिका की रासलीला 
रणबीर से ब्रेकअप के बाद जब दीपिका पादुकोण उदास हो गईं तो उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का काम रणवीर सिंह ने किया। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' की शूटिंग के दौरान ही रणवीर ने अपनी रासलीला शुरू कर दी। बाजीराव-मस्तानी में दोनों का यह प्रेम रियल लगा और पद्मावत दोनों के अभिनय में त्रीवता देखने को मिली। रणवीर अपनी उटपटांग हरकतों से दीपिका हंसाते-हंसाते उनका दिल चुरा ले गए। जब दीपिका को उन्होंने शादी के लिए प्रपोज किया तो वे रणवीर को ना नहीं कह पाईं। दोनों की जोड़ी कमाल लगती है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

एक्ट्रेस मल्लिका राजपूत ने की आत्महत्या, पंखे से लटका मिला शव