Publish Date: Fri, 08 May 2026 (11:23 IST)
Updated Date: Fri, 08 May 2026 (11:25 IST)
बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान आज अपनी फिल्मों और अपनी निजी जिंदगी को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करोड़ों के बंगले और लग्जरी लाइफस्टाइल जीने वाले आमिर खान ने अपनी पहली शादी महज 50 रुपये में की थी?
यह सुनने में किसी फिल्मी पटकथा जैसा लग सकता है, लेकिन यह हकीकत है। आमिर और उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता की प्रेम कहानी में भागकर शादी करने से लेकर सुपरस्टार बनने तक के कई अनसुने अध्याय शामिल हैं।
आमिर और रीना की कहानी किसी 'ब्वॉय नेक्स्ट डोर' वाली लव स्टोरी है। दोनों पड़ोसी थे और अक्सर घंटों एक-दूसरे को अपनी खिड़कियों से निहारते रहते थे। आमिर रीना के प्यार में इस कदर गिरफ्तार थे कि उन्होंने उन्हें प्रपोज करने के लिए खून से खत तक लिख डाला था।
शुरुआत में रीना ने आमिर के प्रस्ताव को कई बार ठुकराया, लेकिन अंततः वह आमिर की सादगी और उनके प्यार के आगे हार मान गईं। दिग्गज अभिनेता अजीत के बेटे शहजाद आमिर और रीना की शादी के गवाह बनने वाले थे, लेकिन लेट होने के कारण वे पहुंच नहीं पाए।
एक इंटरव्यू में शहजान ने बताया था कि आमिर और रीना ने साल 1986 में घर से भागकर शादी करने का फैसला किया था। आमिर तब तक सुपरस्टार नहीं बने थे। उन्होंने कोर्ट मैरिज की और इस पूरी प्रक्रिया में महज 50 रुपये का खर्च आया था। शहजाद ने बताया कि वे खुद इस शादी के गवाह बनने वाले थे, लेकिन उनकी हमेशा की तरह देरी से पहुँचने की आदत ने उन्हें इस पल का हिस्सा बनने से रोक दिया।
जब तक वे पहुंचे, आमिर और रीना शादी के कागजों पर दस्तखत कर अपने-अपने घर जा चुके थे। हैरानी की बात यह है कि शादी करने के बाद भी आमिर और रीना अपने-अपने माता-पिता के घर रहने लगे थे। उन्होंने इस शादी को पूरी तरह गुप्त रखा। 1988 में जब फिल्म 'कयामत से कयामत तक' रिलीज हुई और आमिर रातों-रात नेशनल क्रश बन गए, तब तक किसी को भनक नहीं थी कि यह चॉकलेटी हीरो असल जिंदगी में शादीशुदा है।
यहां तक कि 'पापा कहते हैं' गाने में रीना दत्ता की एक छोटी सी झलक भी दिखाई गई थी, लेकिन दुनिया के लिए वह सिर्फ एक भीड़ का हिस्सा थीं, जबकि आमिर के लिए वह उनकी पूरी दुनिया थीं। आमिर और रीना का रिश्ता 16 साल तक चला। इस दौरान उनके दो बच्चे, जुनैद और आयरा हुए। हालांकि, 2002 में इस जोड़े ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
तलाक के बाद भी दोनों के बीच एक गरिमापूर्ण रिश्ता बना रहा। रीना आज भी खान परिवार के हर फंक्शन में नजर आती हैं, जो उनके बीच के आपसी सम्मान को दर्शाता है।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें